मंगलवार, 30 अप्रैल 2019

अनूपपुर में हर वर्ग ने मनाया लोकतंत्र का महा त्यौहार...

संवाददाता : भोपाल मध्यप्रदेश



                     अनूपपुर जिले में हर वर्ग के लोगों ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान किया। बिहार के सासाराम जिले से आये नव-विवाहित जोड़े पंकज और ब्यूटी सिंह ने अनूपपुर आकर पहला काम मतदाता-सूची में अपना नाम जुड़वाने का किया। आज मतदान-केन्द्र 154 बालमुड़ी में जाकर दोनों ने मतदान किया। उनका कहना है हर मतदाता मतदान अवश्य करे।


सजधज कर गौतम दम्पत्ति ने किया मतदान 


लोकतंत्र के महात्यौहार को पूरे गर्व एवं उत्साह से मनाने के लिए राकेश गौतम एवं पुष्पा गौतम ने सजधज कर मतदान केंद्र क्रमांक-73 शासकीय कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में मतदानकिया।


गर्भवती पूजा शर्मा ने दी मतदान को तरजीह


जिला प्रशासन ने विशेष सहायता एवं सुविधा की आवश्यकता वाले मतदाताओं को पहले ही चिह्नांकित कर लिया था। इनमें गर्भवती महिलाएँ वृद्धजन एवं दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। ऐसे सभी मतदाताओं को कतार में प्राथमिकता एवं आवश्यकतानुसार आवागमन की सुविधा प्रदान की गयी। मतदान केंद्र 152 में मतदान करने के पश्चात गर्भवती महिला पूजा शर्मा बेहद ख़ुश थी। आँगनवाड़ी दीदियों की तारीफ करते हुए बोलीं 'इन्हीं के अच्छे व्यवहार एवं सहयोग की वजह से आज मतदान करने की हिम्मत जुटायी एवं मतदान किया।''


बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर किया मतदान


अनूपपुर जिले में लगभग 12 हजार दिव्यांग, वृद्ध, गर्भवती एवं धात्री महिला मतदाताओं का चिन्हांकन किया गया था। सभी मतदाताओं को सुगम्य पास प्रदान किए गए, जिससे उन्हें कतार में प्राथमिकता मिली एवं वे सहजता से मतदान कर पाए। 98 वर्ष के बाबूलाल दाहिया ने मतदान केंद्र क्रमांक 10 में मतदान किया। उन्होंने कहा मतदान बहुत जरूरी है। इन्हीं में से एक 89 वर्षीय पंडित दिवाकर मिश्रा ने मतदान केंद्र क्रमांक 34 में मतदान किया। मतदान केंद्र क्रमांक 34 में मतदान करने वाले सहारू बैगा ने कहा कोई भी मौसम हो, मतदान से हम पीछे नहीं रहते। पिपरिया में 87 वर्षीय मुनिया बाई ने मतदान किया।


सुगम्य पास एवं व्हील चेयर की सुविधा से सहज हुए दिव्यांग मतदाता


दिव्यांग मतदाताओं के लिये रैम्प सहायक एवं वालेंटियर्स की सुविधा दी गयी थी, जो उन्हें आदर एवं सम्मान से मतदान केंद्र तक ले गए जिससे वे सहजता से मतदान कर सके। वार्ड क्रमांक 13 अनूपपुर निवासी ओमप्रकाश श्रीवास्तव देख नहीं सकते हैं। इन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा सहायक की सुविधा एवं कतार में प्राथमिकता मिलने से आसानी से वोट किया। उन्होंने मतदान कर्मियों के व्यवहार की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।



झूलाघर, छाँव एवं शीतल जल की व्यवस्था


आदर्श मतदान केंद्र, अमलाई में नन्हें बालक खेल-कूद में व्यस्त रहे और उनकी माताएँ निश्चिन्त होकर मतदान कर सकीं। इसी प्रकार मतदाताओं की सहूलियत के लिये ठंडे जल एवं छांव, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, व्हील चेयर, सहायक आदि ने मतदान की प्रक्रिया को सहज बना दिया।


 स्वीप आइकॉन ने परिवार सहित किया मतदान


अर्जुन अवार्डी (कॉमनवेल्थ 2010, 3 स्वर्ण पदक एवं एक रजत पदक विजेता) एवं जिला स्वीप आइकॉन ओमकार सिंह ने आज सुबह परिवार सहित भालूमाँड़ा मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने लोकतंत्र को सशक्त करने के लिये सभी मतदाताओं से अनिवार्य रूप से वोट करने की अपील की। ओमकार सिंह वर्तमान में भारतीय नौसेना में कोयम्बटूर में पदस्थ हैं। वे अवकाश लेकर अपना लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने के लिए कोतमा आए।


दिव्यांग आइकॉन ने किया मताधिकार का प्रयोग


अनूपपुर जिले के दिव्यांग आइकॉन पप्पू दाहिया ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त करने के लिए हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है। सभी मतदाता अनिवार्य रूप से मतदान करें।


पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने दिखाया उत्साह


अनूपपुर के जागरूक युवाओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सकोला की युवा ब्रिगेड और पिपरिया की युवतियाँ किसी से पीछे नही रहीं। सुबह से ही महिलाओं एवं पुरुषों के साथ युवाओं की यह फौज भी मतदान करने के लिये उत्साहित थी। पहली बार मतदान करने वाली मेधा गुप्ता ने मतदान केंद्र क्रमांक-73 में अपने मत का प्रयोग किया। उन्होंने गर्व से कहा कि मैंने अपना दायित्व निभाया है। मैं एक जिम्मेदार नागरिक हूँ। शासकीय कन्या उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय में मतदान करने वाली शिवांगी अग्रवाल मताधिकार का प्रयोग करने के बाद बहुत खुश थी। मतदान मेरा अधिकार है और मैंने इसका सोच-समझकर प्रयोग किया है।


तीन पीढ़ियों ने मतदान कर लोकतंत्र को किया सशक्त


कोतमा में एक ऐसा परिवार है, जिसके बुजुर्गो ने अपनी आने वाली पीढ़ियों को लोकतंत्र को सशक्त बनाने के संस्कार दिये हैं। यही वजह है कि आज लोकतंत्र के महापर्व को मनाने विधानसभा क्षेत्र कोतमा में स्वरूप चंद्र जैन (उम्र 85 वर्ष), उनकी पत्नि कमला जैन (उम्र 82 वर्ष) के साथ उनके तीनों बेटे और बहुएँ कैलाश जैन (उम्र 58 वर्ष) पत्नि रजनी जैन (उम्र 54 वर्ष ), राजेंद्र जैन( उम्र 50 वर्ष) प्रमिला जैन (उम्र 48 वर्ष), सुमेर जैन (उम्र 48 वर्ष) पत्नि समता जैन (45) समेत पोते ऋषभ जैन (31) ने मतदान केंद्र क्रमांक 95 में जाकर मतदान किया।