शनिवार, 1 जून 2019

किरेन रिजिजू ने युवा मामले और खेल राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला...

संवाददाता : नई दिल्ली 


              किरेन रिजिजू ने आज नई दिल्ली में युवा मामले और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कल राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविन्द ने रिजिजू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।



मीडिया के साथ बातचीत में मंत्री महोदय ने कहा कि युवाओं के सशक्तिकरण में योगदान देने के लिए यह एक विशिष्ट अवसर है।रिजिजू ने कहा कि लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए युवा शक्ति का उपयोग किया जाएगा। युवाओं और खेल के लिए रचनात्मक कार्य करने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से खेल से जुड़े रहे हैं। वे सभी खिलाड़ी जो देश के लिए खेलते हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं, विशेष कर भारतीय क्रिकेट टीम को जो अभी इंग्लैण्ड में आयोजित विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों को सुविधा प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। पुरानी व अच्छी प्रथाओं को जारी रखा जाएगा और नई चीजें जोड़ी जाएंगी। पारम्परिक खेलों के साथ-साथ राष्ट्रीय खेल व अन्य खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।


रिजिजू अरुणाचल प्रदेश के अरुणाचल (पश्चिम) से लोकसभा सदस्य हैं। उनका जन्म 19 नवम्बर 1971 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली में बी.ए. और एल.एल.बी. की पढ़ाई की है। वे लोकसभा के दूसरी बार सदस्य बने हैं।रिजिजू को बैटमिंटन, फुटबाल और एथलेटिक्स में गहरी रुचि है। उन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विषयों पर अखबारों और पत्रिकाओं में ढेर सारे लेख लिखे हैं। रणनीतिक और सुरक्षा मामलों में उनकी विशेष रुचि है। एक सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र नेता के रूप में रिजिजू ने कई सामाजिक आन्दोलनों का नेतृत्व किया है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न सामाजिक और आर्थिक सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मीडिया ने 16वीं लोकसभा के दौरान उन्हें सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद चुना था।