गुरुवार, 1 अगस्त 2019

राष्ट्रपति गाम्बिया में,गाम्बिया के राष्ट्रपति के साथ शिष्टमंडल स्तरीय चर्चा...

रेनू डबराल  @ नई दिल्ली


        राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद 30 जुलाई, 2019 को गाम्बिया पहुंचे। भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की यह गाम्बिया की पहली यात्रा है। बांजुल हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत गाम्बिया के राष्ट्रपति एडम बैरो ने किया।



आज गाम्बिया के बैरो ने राजनिवास में राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की अगवानी की। चर्चा के दौरान कोविंद ने दिसंबर, 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में बैरो को जीत की बधाई दी। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव के बाद गाम्बिया में लोकतंत्र बहाल हो गया है। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि गाम्बिया और लोकतांत्रिक विश्व के लिए यह एक शानदार पल था। उन्होंने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती की स्मृति में गाम्बिया के राष्ट्रपति द्वारा लिखे गए लेख 'वॉट महात्मा गांधी मीन्स टू मी' की प्रशंसा भी की।


इसके बाद दोनों पक्षों के बीच शिष्टमंडल स्तरीय चर्चा आरंभ हुई। इस अवसर पर कोविंद ने कहा कि भारत को गाम्बिया की प्रगति और समृद्धि में उसका साझेदार बनने का गौरव प्राप्त है।


भारत ने कौशल विकास और कुटीर उद्योग परियोजना के लिए गाम्बिया को 500,000 अमेरिकी डॉलर अनुदान का प्रस्ताव किया। इसके अलावा औषधि और होम्योपैथी की पारम्परिक प्रणालियों के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों पक्षों ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। राष्ट्रपति कोविंद ने राष्ट्रपति बैरो से अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन समझौते पर गाम्बिया का अनुमोदन प्राप्त किया। इस समझौते से सौर ऊर्जा पर दोनों देशों के बीच सहयोग के नये अवसर खुलेंगे और जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने में सहायता होगी। उल्लेखनीय है कि भारत गाम्बिया के चुने हुए गांवों में सौर परियोजनाएं स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है।


गाम्बिया के राष्ट्रपति बैरो ने गाम्बिया की प्रगति और समृद्धि में भारतीय समुदायों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका की सराहना की। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि भारत गाम्बिया के बड़े कारोबारी साझेदारों में शामिल है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कारोबार 2018-19 में 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर के पार हो गया था। इस तरह पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय कारोबार में लगभग 100 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।


राष्ट्रपति श्री कोविंद ने अपने गाम्बिया दौरे के संबंध में एक प्रेस वक्तव्य भी जारी किया।


गाम्बिया के राष्ट्रपति एडम बैरो ने राष्ट्रपति श्री कोविंद के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन किया था। इसके बाद शाम को राष्ट्रपति कोविंद गाम्बिया की संसद को संबोधित करेंगे। वे सेनेगल और गाम्बिया में भारत के राजदूत द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय स्वागत समारोह में भी शिरकत करेंगे।