शुक्रवार, 1 नवंबर 2019

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन किया...

प्रजा दत्त डबराल @ नई दिल्ली


      केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहाँ जयसिंह रोड पर दिल्ली पुलिस के मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि भवन के निर्माण से लक्ष्यों की सिद्धि नहीं होती बल्कि भवन के अंदर भावनाओं का निरूपण जरूरी है। दिन रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है साथ ही पुलिस को भी जनता की संवेदनाओं को समझकर कार्य करने की आवश्यकता है तभी सकारात्मक छवि निर्माण हो सकेगा| केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस की छवि बदलने के लिए सरकार के द्वारा कई कार्य किए जा रहे हैं।



हाल ही में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुलिस स्मारक का निर्माण किया गया जिसके माध्यम से पुलिस द्वारा किए गए चुनौती पूर्ण कार्यों तथा कई प्रेरणादायक घटनाओं को जनता के सामने रखा जा सकेगा। शाह ने दिल्ली आने वाले पर्यटकों से पुलिस स्मारक अवश्य जाने को कहा। शाह का कहना था कि आंतरिक सुरक्षा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली प्राथमिकता है जिसे मजबूत करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है।



अमित शाह ने कहा कि पुलिस का इतिहास अत्यंत समृद्ध है। अपने बलिदानों और कर्तव्यों से कई बार पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किए हैं l उनका कहना था कि आज 70 साल बाद दिल्ली पुलिस खुद के घर में पहुंची है।


उनके साथ गृह राज्य मंत्री रेड्डी,दिल्ली के उपराज्यपाल बैजल,दिल्ली के कप्तान अमूल्य पटनायक व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ गणमान्य लोग उपस्थित थे