मंगलवार, 31 दिसंबर 2019

सीमावर्ती क्षेत्रों के खरीदी केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए : डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम

संवाददाता : रायपुर छत्‍तीसगढ़


      सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने गरियाबंद और महासमुंद जिले में धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया और गरियाबंद जिला मुख्यालय में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा की। डॉ. टेकाम ने समीक्षा बैठक में कहा कि धान खरीदी के दौरान कड़ी नजर रखी जाए कि बिचौलिए, कोचिया धान खरीदी केन्द्रों में धान न बेच सके। जिले के अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों के खरीदी केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में वहां के किसानों की धान की खरीदी हो। 



डॉ. टेकाम ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए, अधिकारी इसे सुनिश्चित करें। सरकार द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुसार ही किसानों के धान की खरीदी की जाए। 
    
कलेक्टर धावड़े ने जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में धान खरीदी के संबंध में अवगत कराया कि जिले के 38 सहकारी समितियों के 62 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित हो रही है। अब तक एक अरब 93 करोड़ 94 लाख 43 हजार 950 रूपये लागत से कुल 10 लाख 64 हजार 385 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। कृषकों को एक अरब 47 करोड़ 54 लाख 64 हजार 691 रूपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। मिलर्स द्वारा एक लाख 90 हजार 692 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है।


जिले को धान खरीदी हेतु 42 लाख 68 हजार 627 बारदाने प्राप्त हुए थे, वर्तमान में 15 लाख 86 हजार 185 बारदाने उपलब्ध है। जिले के उपार्जन केन्द्रों में बोरो की डेनेज व स्टेकिंग व्यवस्थित कर ली गई है। कलेक्टर ने बताया कि अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए जिले के ओडिसा राज्य की सीमावर्ती क्षेत्र में 13 चेकपोस्ट बनाये गये है, यहां पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात किये गये है। 


समीक्षा के दौरान कलेक्टर गरियाबंद श्याम धावड़े, पुलिस अधीक्षक एम.आर. आहिरे, वन मण्डलाधिकारी मयंक अग्रवाल, खाद्य अधिकारी एच.के. डड़सेना, एसडीएम जे. आर. चौरसिया एवं खाद्य, सहकारिता और नान के जिला अधिकारी उपस्थित थे।


निरीक्षण के दौरान मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा से धान बोरे का वजन तौलाया


सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने महासमुंद और जिला मुख्यालय गरियाबंद के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित धान उपार्जन केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर किसान छोटेलाल से रू-ब-रू चर्चा करते हुए धान बिक्री के संबंध में जानकारी ली। सहकारिता मंत्री डॉ. टेकाम ने गरियाबंद में मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा से धान बोरे का वजन तौलाया और यहां स्टेकिंग में रखे गये बोरो की गणना भी करवायी। इस केन्द्र में कृषक छोटेलाल ने बताया कि वह टोकन के मुताबिक 84 बोरा धान बिक्री के लिए उपार्जन केन्द्र लाये हुए है, तौल हो गई है। धान उपार्जन केन्द्र में बेहतर व्यवस्था होने से किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई है। डॉ. टेकाम ने उपार्जन केन्द्र प्रभारी को खरीदी पूर्व धान के गुणवत्ता पर ध्यान देने कहा। इस अवसर पर संबंधित जिले के अधिकारी उपस्थित थे।