रविवार, 1 मार्च 2020

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दो दिवसीय ऐतिहासिक रजरप्पा महोत्सव का उद्घाटन किया...

संवाददाता : रांची झारखंड


      मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के आंतरिक शक्तियों को मजबूत करेगी। यह आंतरिक शक्ति चाहे जिस रूप में हो पर्यटन का क्षेत्र हो, नौजवान हो, प्रकृति के अंदर जो भी चीजें झारखंड को कुदरत ने दी हैं उसे उभारना ही सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम झारखंड के लोग दूसरों के बदौलत नहीं बल्कि अपनी मेहनत के बदौलत अपने हाथों से विकास की लंबी लकीर खींचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास किसी भी चीज की कमी नहीं है हमारे नौजवान मेहनतकश और ईमानदार हैं, राज्य के युवाओं में हुनर और काबिलियत की कमी नहीं है। हमें राज्य के सभी ताकतों और सभी क्षमताओं को एक सूत्र में बांधने की आवश्यकता है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय ऐतिहासिक रजरप्पा महोत्सव में अपने संबोधन में कहीं।



झारखंड सिर्फ खनिज संपदा के लिए ही नहीं बल्कि प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी पहचाना जाए हमें ऐसी छवि बनानी है।


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बहुत जल्द ही राज्य में चीजें बदलेंगी जो दिखेगा भी और महसूस भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सिर्फ खनिज संपदा के लिए ही नहीं बल्कि प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी पहचाना जाए हमें ऐसी छवि बनानी है। उन्होंने कहा कि झारखंड की संस्कृति और परंपरा काफी पुरानी और लोकप्रिय है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यहां बोलना और चलना ही संगीत है। झारखंड के लोग अपनी संस्कृति और परंपरा को अपने सीने से लगाएं रहते हैं। राज्यवासियों ने यहां की सभ्यता और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए पूरी समर्पण और निष्ठा को बनाए रखा है। हमारे इस राज्य में कई ऐसी तीर्थ स्थल और पर्यटन स्थल हैं जिसकी जानकारी हमें देश में जन-जन तक पहुंचानी है।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रामगढ़ जिले के विकास योजनाओं के लिए लगभग 200 करोड़ की राशि के शिलापट्ट का अनावरण किया।


इससे पहले इस दो दिवसीय रजरप्पा महोत्सव का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया। इस अवसर पर पदम्श्री मधु मंसूरी हंसमुख ने झारखंड बंदना गीत के रूप में "झारखंड कर कोरा" गाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पदम्श्री मधु मंसूरी हंसमुख को स्मृति चिन्ह तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।


इस अवसर पर स्वागत भाषण उपायुक्त रामगढ़ संदीप सिंह ने दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया साथ ही मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह और पुस्तक भेंट कर सम्मान प्रकट किया। रामगढ़ जिला प्रशासन के द्वारा रामगढ़ जिले के पर्यटन स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं से समाहित कॉफी टेबल बुक और कैलेंडर का भी विमोचन मुख्यमंत्री ने किया।


इस अवसर पर विधायक अम्बा प्रसाद, विधायक जेपी पटेल, पूर्व विधायक जोगेंद्र महतो, अर्जुन राम महतो, डाक अध्यक्ष शशि शालिनी कुजूर सहित कई गणमान्य एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।