रविवार, 1 मार्च 2020

युवा तकनीकी प्रतिभा और संवैधानिक कर्तव्यों को आचरण में लाकर आगे बढ़ें : राज्यपाल

संवाददाता : जयपुर राजस्थान


       राज्यपाल कलराज मिश्र ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा तकनीकी प्रतिभा और संविधान प्रदत्त कर्तव्यों को आचरण में लाकर आगे बढ़ें। मिश्र राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को यहां कूकस में शंकरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित 20वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (साइट-2020) में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। 

 


 

देश के 17 प्रदेशों से आए युवाओं का स्वागत करते हुए राज्यपाल मिश्र ने कहा कि युवाओं में आत्मनिर्भरता का भाव जगने पर कोई देश हमारा मुकाबला नहीं कर सकता है। तकनीकी कॉलेज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रतिभा के बल पर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। अपने इनोवेटिव आईडियाज के माध्यम से नई-नई चीजें खड़ी कर स्वयं उद्यमी बन रहे हैं। छोटी-छोटी पूंजी से भी नए उद्यम खड़े कर रहे हैं। कौशल विकास के आधार पर युवा सक्षम बन रहा है। राज्यपाल मिश्र ने कहा कि हम संविधान के अनुसार चलकर ही देश को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हमारा मार्गदर्शक है। हमारा मूल ग्रन्थ है। 

 

संविधान की प्रस्तावना में राष्ट्र की मूल भावना का उल्लेख है। संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिये हैं।राज्यपाल ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 51 क में हमारे द्वारा किये जाने वाले कर्तव्यों को परिभाषित किया गया है। मौलिक अधिकार और कर्तव्य दोनों ही संविधान के प्रमुख स्तम्भ हैं। मौलिक अधिकारों की तो हम बात करते हैं, लेकिन आवश्यकता है कि हम हमारे कर्तव्यों को जानें, समझें और उनके अनुरूप ही अपना कार्य और व्यवहार करें। 

 

उन्होंने कहा कि आप लोग युवा हैं। राष्ट्र निर्माण में आपको महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। इसलिए संविधान में प्रदत्त कर्तव्यों को आप लोग आचरण में लाकर आगे बढ़ें। यदि हम सभी ने ऎसा प्रयास किया तो निश्चित तौर पर भारत देश को आगे बढ़ाने में और स्वयं के जीवन को भी प्रोन्नत करने में यह कदम बेहतरीन साबित होगा। राज्यपाल ने कहा कि आमजन को संविधान की जानकारी होना आवश्यक है। राष्ट्रीय एकता, अखण्डता व सामाजिक समरसता के लिए कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। 

 

इस अवसर पर लिथुवानिया के भारत में राजदूत, बिहार सरकार के मंत्री विनोद नारायण झा, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आरए गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग एवं युवा उपस्थित थे।