शनिवार, 30 मई 2020

1 जून से लेकर 30 जून तक देश में लॉकडाउन 5.0 लागू रहेगा,काफी सेवाओं पर छूट दी गई...

प्रजा दत्त डबराल @ नई दिल्ली


          केंद्र सरकार ने लॉकडाउन की अवधि को एक माह के लिए और बढ़ा दिया,यानि अब 1 जून से लेकर 30 जून तक देश में लॉकडाउन 5.0 लागू रहेगा। हालांकि इस बार काफी सेवाओं पर छूट दी गई है और इसके चलते लोगों को लॉकडाउन 5.0 में कम असुविधाएं होंगी। लॉकडाउन 5.0 में कर्फ्यू की अवधि को घटा दिया गया है जहां पहले शाम 7 बजे से दूसरे दिन सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू रहता था इसे अब 4 घंटा कम कर दिया गया है यानि अब देशभर में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा और लॉकडाउन से तीन चरणों में धीरे धीरे ढील भी दी जाएगी। लोग एक राज्य से दूसरे राज्य में बिना किसी पास के जा सकेंगे। 



आइए एक नजर डालते हैं लॉकडाउन 5.0 की गाइडलाइन पर :-


पहले चरण में धार्मिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल 8 जून, 2020 से खोलने की अनुमति दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय इसके लिए एक SOP जारी करेगा और इसके साथ शर्तें भी लागू रहेंगी।


दूसरे चरण में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की इजाजत के बाद स्कूल, कॉलेज, एजुकेशन, ट्रेनिंग और कोचिंग इंस्टिट्यूट खोले जा सकते हैंं।


तीसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, मेट्रो रेल का संचालन, सिनेमा हॉल, जिम, स्विमिंग पूल, थिएटर, बार और ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल आदि को खोला जा सकता है। हालांकि इन सेवाओं को शुरू करने से पहले राज्यों से विस्तृत चर्चा की जाएगी और इसके बाद ही इन्हें शुरू किया जाएगा।


गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए 24 मार्च को देश में लॉकडाउन की घोषणा की थी। उस दौरान यह लॉकडाउन 21 दिनों के लिए था और ये 25 मार्च से 14 अप्रैल तक रहा। इसके बाद इसे बढ़ाकर 3 मई तक के लिए कर दिया गया।


लॉकडाउन 3.0 दो सप्ताह के लिए लगाया गया जो 17 मई को समाप्त हुआ और इसके बाद 31 मई तक के लिए लॉकडाउन 4.0 को लागू किया गया। कोरोना संक्रमण कम न होने की वजह से अब केंद्र सरकार ने 31 मई के बाद यानि 1 जून से लॉकडाउन 5.0 लागू करने का निर्णय लिया है जो 30 जून तक प्रभावी रहेगा।