रविवार, 31 मई 2020

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर श्रमिकों का हुआ अभिनंदन,चेहरे पर खुशी,आखों में आत्मविश्वास के साथ अपने गंतव्य को हुए रवाना...

संवाददाता : रांची झारखंड


      पिछले दो माह से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में फंसे झारखण्ड के 180 प्रवासी श्रमिक शनिवार हवाई जहाज से झारखण्ड पहुंच गए। उनके आगमन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सभी श्रमिक भाइयों की घर वापसी से मन को सुकुन मिला।


पिछले 48 घंटे का प्रयास सफल हुआ। राज्य सरकार लॉकडाउन में फंसे सभी प्रवासियों को वापस लायेगी। पिछले कुछ दिनों में विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी अपने घर लौट चुके हैं, उनके आने का क्रम जारी है। सरकार का प्रयास श्रमिक भाईयों के अपार धैर्य से परिलक्षित हो रहा है।



 गुलाब का फूल देकर मंत्री ने किया स्वागत


 अंडमान निकोबार द्वीप समूह में फंसे प्रवासी मजदूरों के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आगमन के बाद स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री मिथलेश ठाकुर एवं विधायक स्टीफन मरांडी ने गुलाब फूल देकर स्वागत किया। उनकी कुशलता जानी।


मुख्यमंत्री की लगातार निगरानी में नगर विकास विभाग, परिवहन विभाग, श्रम विभाग एवं कोरोना नियंत्रण कक्ष द्वारा पोर्टब्लेयर में स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से श्रमिकों को लाने का लक्ष्य साधा गया। झारखण्ड पहुंचे सभी प्रवासियों की स्क्रीनिंग के बाद उन्हें भोजन का पैकेट देकर पूरी गरिमा से सम्मान रथ द्वारा उनके गंतव्य के लिए विदा किया गया।