बुधवार, 29 जुलाई 2020

प्रियंका ने खाली किया सरकारी बंगला, सांसद बलूनी को नए घर की दी बधाई...

संवाददाता : नई दिल्ली


       कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। केन्द्र की मोदी सरकार ने प्रियंका गांधी को आवंटित लोधी एस्टेट स्थित सरकारी आवास 31 जुलाई तक खाली करने का नोटिस भेजा था।


मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के सुखदेव विहार स्थित अपने घर में शिफ्ट हो गईं। प्रियंका यहां कुछ दिनों तक ही रहेंगी।कांग्रेस नेता के लिए दिल्ली में किराए का आवास खोजा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आवास खोजा भी जा चुका है, लेकिन उसमें अभी सुरक्षा की दृष्टि से कुछ बदलाव करने होंगे।



तब तक कुछ दिनों तक प्रियंका गुरूग्राम में ही रहेंगी। प्रियंका का सरकारी आवास सांसद अनिल बलूनी को आवंटित किया गया है।बंगला खाली करने से एक दिन पहले सोमवार को प्रियंका गांधी ने सांसद अनिल बलूनी व उनके परिवार से बात भी की।


प्रियंका ने ट्वीट कर बताया, मंगलवार अनिल बालुनी और उनकी पत्नी से बात हुई। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हूँ। उन्हें नए घर की शुभकामनाएँ देते हुए आशा करती हूँ कि उन्हें भी इस घर में उतनी ही खुशियां मिलें जितनी मुझे और मेरे परिवार को मिलीं।