बुधवार, 5 अगस्त 2020

आयोजना एवं भाषा विभाग राज्य मंत्री ने जैसलमेर के सार्वजनिक जिला पुस्तकालय का किया आकस्मिक निरीक्षण...

संवाददाता  : जयपुर राजस्थान


      आयोजना एवं भाषा विभाग राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने मंगलवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय पर गांधी दर्शन के समीप भाषा एवं पुस्तकालय विभाग द्वारा संचालित राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय का आकस्मिक निरीक्षण किया और पुस्तकालय व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान विधायक जगदीश जांगिड़, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष एवं गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक उम्मेदसिंह तंवर, उपखण्ड अधिकारी दिनेश विश्नोई एवं अन्य अधिकारी व जन प्रतिनिधि भी उनके साथ थे।

 

भाषा विभागीय मंत्री ने पुस्तकालय के विभिन्न कक्षों, वाचनालय आदि का अवलोकन किया और इनके बारे में जानकारी ली। उन्होंने पुस्तकालय के भौतिक विकास और आस-पास स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण तथा पाठकों के लिए सुकूनदायी माहौल एवं सुविधाओं पर जोर दिया और नगर परिषद के आयुक्त को पुस्तकालय की दीवारों से सटकर चलाई जाने वाली कारोबारी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुस्तकालय के भौतिक विकास एवं सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और सामने लायी गई समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।

 


 

यादव ने कहा कि पुस्तकालय के रीडिंग रूम को अध्ययन करने वाले पाठकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके लिए इसमें एसी भी लगाया जाएगा ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को अध्ययन का सुकून प्राप्त हो सके।


उन्होंने कहा कि पुस्तकें सर्वश्रेष्ठ और अमूल्य धरोहर हैं और इस दृष्टि से पुस्तकालय के विकास की दृष्टि से हरसंभव प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए भामाशाहों को भी आगे आना चाहिए।