गुरुवार, 27 अगस्त 2020

मुख्यमंत्री ने अमृत योजना के तहत कंकड़बाग टेम्पू स्टैंड के पास नवनिर्मित पार्क का किया लोकार्पण...

संवाददाता : पटना बिहार


      मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार अमृत योजना अंतर्गत नवनिर्मित पार्क, वृक्षों की पहचान सहित विस्तृत जानकारी हेत क्य०आर० कोड, पटना पार्क मोबाइल एप्प का लोकार्पण किया। नवनिर्मित पार्क का शिलापट्ट का अनावरण करने के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूरे पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया। पटना पार्क प्रमण्डल पटना की बेवसाइट एवं मोबाइल एप्प का माउस क्लिक कर मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री के समक्ष पार्क के निर्माण से संबंधित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। 


अमृत (अटल मिशन फॉर रेजुवेनशन एवं अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन) योजनान्तर्गत कंकड़बाग के जोगीपुर संप हाउस से अशोक नगर तक के भखंड को पार्क के रूप में विकसित किया गया है। जोगीपर संप हाउस से अशोक नगर टेम्पू स्टैण्ड पार्क को विकसित करने हेतु 4.72 करोड़ रुपये की लागत की योजना स्वीकृत है। प्रथम फेज में लगभग 425 मीटर लंबाई एवं 30 मीटर चौड़ाई के भाग का विकास किया गया है, जिस पर 240 करोड रुपये खर्च की गयी है। इस पार्क के एक भाग को पर्ण रूप से विकसित कर दिया गया है। दूसरे भाग को जल्द ही विकसित किया जायेगा। इस पार्क में चहारदीवारी का निर्माण, फूलों की क्यारी का निर्माण, पाथ-वे का निर्माण, पौधारोपण, स्टोर रूम निर्माण, ओपेन जिम की स्थापना, बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, बैठने के लिए बेंच निर्माण, वाटर फाउंटेन, शौचालय की सुविधा, पेयजल की व्यवस्था एवं प्रकाश की व्यवस्था शामिल है।



इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत क्यू.आर. कोड है। बच्चे जब भी पार्क में जाते हैं अक्सर पेड़-पौधों के बारे में सवाल पूछते हैं लेकिन बड़े को यदि पूरी जानकारी न हो तो उनकी जिज्ञासा शांत नहीं हो पाती हैअब स्मार्ट फोन के जरिये क्यू०आर० कोड स्कैन कर पेड़-पौधों की पूरी कुंडली जानी जा सकेगी। क्यू०आर० कोड का मतलब क्विक रिस्पांस कोड होता है। हम किसी भी मोबाइल स्कैनर से स्कैन कर पौधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पटना पार्क प्रमंडल, पटना के वृक्षों की विस्तृत जानकारी हेतु सभी वृक्षों की प्रजाति को क्यू.आर. कोड दिया गया है जिसे दर्शक अपने मोबाईल से स्कैन कर उस पौधे से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं उसकी उपयोगिता शीघ्र ही प्राप्त कर सकते हैं। यह दर्शकों को वनस्पतियों के बारे में अहम जानकारियाँ उपलब्ध कराएगा तथा उन्हें पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाएगा।


इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री-सह-पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुशील कुमार मोदी, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, प्रधान सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन दीपक कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, पटना रेंज संजय सिंह, जिलाधिकारी कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.के. पांडेय, अपर मुख्य वन संरक्षक पी.के. गुप्ता, राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह सहित पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।