गुरुवार, 6 अगस्त 2020

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की बधाई एवं शुभकामनाएं दी...

संवाददाता चंडीगढ़ हरियाणा 


हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बुधवार का दिन देश के करोड़ों लोगों के साथ-साथ विदेशों में रह रहे भारतीयों के लिए भी एक ऐतिहासिक व भावनात्मक दिन है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन कर आधारशिला रखी है।


यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक पल को मनाने के लिए लोगों को अपने घरों में दीया जलाकर खुशी मनानी चाहिए और भाईचारे का संदेश देना चाहिए।



उन्होंने कहा कि आज आखिर वह शुभ घड़ी आ ही गयी, जिसका करोड़ों लोगों को वर्षों से इंतजार था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने के अपने वायदे को पूरा कर करोड़ों लोगों के सपनों को साकार किया है।  


इससे पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनको भगवान श्री राम की प्रतिमा भी भेंट की।