गुरुवार, 20 अगस्त 2020

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक...

संवाददाता : पटना बिहार 


बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें  :


         मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक में नियोजित शिक्षकों के स्थानांतरण, प्रमोशन, अनुकम्पा पर नौकरी समेत कई अन्य सुविधा नियमावली पर मुहर लगायी गयी है। शिक्षकों को कर्मचारी भविष्य निधी का लाभ सितंबर, 2020 से ही दिया जाएगा। वहीं इन शिक्षकों के मूल वेतन में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। जिसका लाभ एक अप्रैल, 2021 से मिलेगा।

👉 बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, भागलपुर के प्राशनिक भवन एवं शैक्षणिक सह प्रयोगशाला भवनों के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रशासनिक भवन के साथ-साथ 3 प्रयोगशाला भवन, छात्राओं के लिए हॉस्टल, वैज्ञानिकों तथा विश्विद्यालय कर्मियों के लिए आवास का निर्माण किया गया है। सभी प्रयोगशाला अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किये गये हैं। स्मार्ट क्लास की सुविधा भी उपलब्ध करायी गई है। विश्विद्यालय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के साथ-साथ भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाये जा रहे हैं।



👉  मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार कृषि विश्विद्यालय ने शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किये हैं। यह अब राष्ट्रीय रैंकिंग में 18वें नम्बर पर आ गया है। यहां बड़े पैमाने पर बीज उत्पादन किया जा रहा है। इस वर्ष खरीफ सीजन में 10 हजार क्विंटल से अधिक बीज वितरित किये गये हैं। टीशू क्लचर के केले के उत्पादन में इस संस्थान की अहम भूमिका है। इस वर्ष जी9 प्रजाति के 7 लाख से अधिक टीशू कल्चर केले के पौधे उत्पादित कर किसानों एवं अन्य विभागों को उपलब्ध कराया गया है।

👉 वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में 89 प्रतिशत आबादी गांव में निवास करती है। बिहार की 76 प्रतिशत आबादी की जीविका का आधार कृषि है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए कृषि का विकास बहुत जरूरी है। हमलोगों ने कृषि के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। अभी तक 3 कृषि रोड मैप बनाये गये हैं। इससे फसलों के उत्पादन और उत्पादकता दोनों बढ़े हैं।

👉 बिहार के विशिष्ट उत्पाद मखाना को जीआई टैग प्राप्त करने की सभी कार्रवाई कर पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मखाना के उत्पादन पर विशेष जोर देने की आवश्यकता है। हमलोगों का सपना है कि हर भारतीय थाल में एक बिहारी व्यंजन जरूर हो।

👉 मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोविड-19 की वर्तमान स्थिति से निपटने को लेकर सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कोरोना संक्रमण की जांच भी तेजी से करायी जा रही है। कोरोना की जांच में तेजी आने से संक्रमण की दर घटी है। बड़ी संख्या में लोग स्वस्थ हो रहे हैं, जिससे रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हो रही है। बिहार की रिकवरी रेट 73.48 प्रतिशत पहुंच गयी है।

👉 मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग बाढ़ से निपटने को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। नदियों के बढ़े जलस्तर से बिहार के 16 जिलों के कुल 130 प्रखंडों की 1,312 पंचायतें प्रभावित हुई हैं। खगड़िया में 01 और समस्तीपुर में 11 राहत शिविर चलायी जा रही है। इन सभी 12 राहत शिविरों में कुल 13,198 लोग आवासित हैं। 540 कम्युनिटी किचेन चलाए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन 04,28,417 लोग भोजन कर रहे हैं। सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में NDRF और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव का कार्य कर रही है। अब तक प्रभावित इलाकों से NDRF, SDRF और बोट्स के माध्यम से 05 लाख 51 हजार 483 लोगों को निष्क्रमित किया गया है।

👉 जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकी हमले में शहीद हुये CRPF जवान खुर्शीद खान एवं CRPF जवान लवकुश शर्मा की शहादत के सम्मान में इनके परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 11-11 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान और इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 25-25 लाख रुपये दिये जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि शहीदों के परिवार से एक-एक आश्रितों को राज्य सरकार द्वारा नौकरी भी दी जाएगी।

👉 कोविड-19 की रोकथाम और चुनाव की तैयारियों को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कोविड-19 व चुनाव की तैयारी के संबंध में मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन एवं सुरक्षा बलों का अवासान आदि को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी। इस दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

👉 अररिया जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में RWD, PMGSY, मनरेगा, आवास निर्माण, शौचालय निर्माण, जिला पंचायतीराज इत्यादि से जुड़े कार्यों की प्रगति को लेकर गहन समीक्षा की गई। साथ ही जिला पदाधिकारी ने ससमय कार्य निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

👉 सीतामढ़ी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में संभावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। विधानसभा वार फॉर्म-6 फॉर्म-7 फॉर्म-8 आदि की प्राप्ति एवं उसके निष्पादन की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में प्राप्त फॉर्म का 7 दिनों के अंदर निष्पादन हो जाना चाहिए।

👉 मोतिहारी जिलाधिकारी ने मोती झील पर हैंगिंग पुल बनाने हेतु कला एवं संस्कृति मंत्री श्री प्रमोद कुमार के साथ एल.एन.डी कॉलेज के पास स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के उप मुख्य अभियंता ने बताया कि यह पुल शहरवासियों के लिए बहुत ही लाभकारी होगा। बायपास के तौर पर मोती झील के ऊपर से गुजरेगा। पुल से सभी प्रकार के वाहन और पैदल यात्री पार कर सकेंगे।

👉 जनकल्याणकारी योजनाओं को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सारण जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य की प्रगति, सात निश्चय अंतर्गत नल-जल योजना की प्रगति, मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना, पीएम-किसान योजना के संबंध में समीक्षा की। साथ ही उन्होंने बाढ़ एवं कोविड-19 को लेकर विचार-विमर्श किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया।