गुरुवार, 31 जनवरी 2019

हरियाणा में 12 को मोदी की हुंकार...

संवाददाता : चंडीगढ़ हरियाणा 



                                           जींद के रण में कमल खिलाने का दावा करते हुए हरियाणा भाजपा अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन 2019 का आगाज करने के लिए हरियाणा की धरती को चुना है। प्रधानमंत्री 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र आ रहे हैं, जहां से वह लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। पिछली बार भी मोदी ने अभियान की शुरुआत हरियाणा के रेवाड़ी से की थी। इसके बाद 27 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा आएंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे की खास बात यह होगी कि पूरा कार्यक्रम महिलाओं को समर्पित होगा। स्वच्छ शक्ति कार्यक्रम के लिए इस बार केंद्र सरकार ने कुरुक्षेत्र को चुना है। 12 फरवरी को इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री प्रदेश की दस हजार आंगनबाड़ी वर्कर, पंच-सरपंच और अन्य महिला प्रतिनिधियों तथा दूसरे राज्यों की पांच हजार महिलाओं को उनके अधिकार, स्वाभिमान, सशक्तीकरण व स्वच्छता की अहमियत बताएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने आवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और अधिकतर मंत्रियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में सभी ने दावा किया कि जींद उपचुनाव भाजपा जीत रही है। मुख्यमंत्री भी इस अपडेट से खासे उत्साहित दिखे। लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई। माना जा रहा है कि सरकार जींद उपचुनाव के नतीजों के बाद ही अपने पत्ते खोलेगी।