संवाददाता : नई दिल्ली
शिंजो आबे ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी...
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को आम चुनाव 2019 में उनकी पार्टी की जबरदस्त जीत के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने आबे को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।
दोनों नेताओं ने पिछले पांच वर्षों के दौरान द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा दृष्टिकोण को अर्जित करने के लिए भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक भागीदारी को ओर अधिक मजबूत बनाने के बारे में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने अगले माह ओसाका में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी बैठक में मिलने की इच्छा व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वर्ष के अंत में आयोजित होने वाले अगले भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आबे को भारत की यात्रा करने का निमंत्रण भी दिया।
शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी...
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पत्र भेजकर उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की चुनावी विजय पर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि वह भारत-चीन संबंधों के विकास को काफी महत्व देते हैँ और दोनों देशों के बीच घनिष्ठ विकास साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्य करने के इच्छुक हैं। राष्ट्रपति ने हाल के वर्षों में दोनों देशों के संयुक्त प्रयास से भारत-चीन संबंधों के विकास को मजबूत गति देने पर संतोष व्यक्त किया।