मंगलवार, 4 जून 2019

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कृषि मंत्रालय के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की...

प्रजा दत्त डबराल : नई दिल्ली


              केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय का पदभार संभालने के बाद आज कृषि भवन में कृषि, सहकारिता और किसान कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा/प्रस्तुति बैठक का आयोजन किया। कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और कैलाश चौधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।



कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव संजय अग्रवाल ने मंत्रियों का स्वागत किया और उन्हें विभाग की प्रमुख पहलों और प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने प्रभागों और संस्थानों के कार्यक्रमों, नीतियों और गतिविधियों के बारे में बताया। अधिकारियों को संबोधित करते हुए नरेन्द्र सिंह तोमर ने उन्हें 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन की याद दिलाते हुए अधिकारियों से अपने काम में जुटने और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। श्री तोमर ने कृषि व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए ई-नाम को मजबूत और त्वरित बनाने पर जोर दिया।


उन्होंने कहा कि चुनावी वादों पर कार्यवाही करते हुए मोदी सरकार ने अपनी पहली मंत्रिमंडल बैठक में सभी किसानों के लिए आय सहायता योजना पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के विस्तार को मंजूरी दी और किसानों के लिए पेंशन योजना (पीएम-किसान पेंशन योजना) को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने आगामी कृषि सीजन में मानसून और सूखे की स्थिति की कड़ी निगरानी रखने की जरूरत पर भी अधिकारियों को सचेत किया। उन्होंने किसानों तक आउटरीच व्यापक बनाने और विस्तार के लिए राज्य सरकारों के साथ तालमेल करते हुए क्षेत्र संस्थानों को मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कृषि मंत्रालय के अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में अखंडता, टीम भावना और ध्यान केंद्रित दृष्टिकोण के साथ स्थायी योगदान करने का अनुरोध किया ताकि कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी हो और किसानों का कल्याण हो।


दोनों राज्य मंत्रियों - पुरुषोत्तम रूपाला और कैलाश चौधरी ने अपने संबोधन में 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री के विजन पर जोर दिया और इसके लिए अधिकारियों से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का अनुरोध किया।