शनिवार, 31 अगस्त 2019

राज्य के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की विभिन्न मांगों के सम्बन्ध वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक...

संवाददाता: देहरादून उत्तराखंड 


      अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड राज्य के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की विभिन्न मांगों के सम्बन्ध में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक सम्पन्न हुयी।



अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी किसी जनपद या राज्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह पूरे देश की धरोहर हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को समान रूप से सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे वह किसी भी जनपद अथवा अन्य राज्य से सम्बन्धित क्यों न हों। उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सभी समस्याओं की माॅनिटरिंग की जाए। उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नामित कर उनका फोन नम्बर भी प्रचारित किया जाए, ताकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर न भटकना पड़े।



अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि जनपदों की सभी तहसीलों में उस क्षेत्र में निवास कर रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की लिस्ट उपलब्ध करा दी जाए, जिससे तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों को अपने क्षेत्र में रह रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जानकारी रहे, एवं आवश्यकता पड़ने पर उनकी समस्याओं का समयबद्ध रूप से निराकरण किया जा सके।