मंगलवार, 29 अक्तूबर 2019

हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री बने मनोहर लाल खट्टर और दुष्यंत चौटाला ने बतौर उप मुख्यमंत्री की ली शपथ...

संवाददाता : चंडीगढ़ हरियाणा 


      आखिरकार हरियाणा में दिवाली पर नई सरकार बन ही गई। त्योहार के दिन ही मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उनके साथ जननायक जनता पार्टी (जजपा) सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला ने बतौर उप मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण की क्योंकि इस बार भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार बनी है।


ऐसे बनी सरकार- भाजपा विधायक- 40, जजपा विधायक- 10, निर्दलीय – 07, कुल- 57 ।



भाजपा को समर्थन देने वाले निर्दलीय– बलराज कुंडू (महम), रणजीत चौटाला (रानियां), धर्मपाल गोंदर (नीलोखेड़ी), सोमवीर सांगवान (दादरी), रणधीर गोलन (पुंडरी), नयन पाल रावत (पृथला), राकेश दौलताबाद (बादशाहपुर)शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ स्थित राज भवन में आयोजित किया गया। यह एक सादा समारोह रहा, जिसमें राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला, मां नैना चौटाला और भाई दिग्विजय चौटाला मौजूद रहे।


पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और बेटे अकाली दल सुप्रीमो सुखबीर बादल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, हरियाणा भाजपा प्रभारी अनिल जैन, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और सांसद रतन लाल कटारिया समारोह में पहुंचे।


इनके अलावा भाजपा के कई दिग्गज नेता, सांसद, नए बने विधायक और निर्दलीय विधायक मौजूद रहे। समारोह में पंजाब के गवर्नर व यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर भी नजर आए।