शुक्रवार, 17 अप्रैल 2020

गेहूं की फसल को काटने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे : जिला कृषि अधिकारी

आशुतोष ममगाई  @ हरिद्वार / देहरादून उत्तराखंड 


      भले ही सरकार ने लॉकडाउन में किसानों को फसल काटने की अनुमति देकर राहत दी हो, लेकिन खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को काटने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इस कारण किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।


दरअसल, लॉकडाउन के चलते मजदूर घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं या फिर बाहरी मजदूर अपने घरों को लौट गए हैं। ऐसे में फसल को बचाने के लिए अब किसान अपने परिवार के लोगों के साथ ही फसल काट रहे हैं। लेकिन लोगों की संख्या कम होने से फसल काटने में काफी समय लग जाएगा।सराय निवासी राजेन्द्र का कहना है कि पहले फसल उगाने के लिए जेब से पैसे लगाए अब जब कुछ कमाई का समय आया तो लॉकडाउन ने परेशान कर दिया है।



जमालपुर निवासी ईश्वर सिंह का कहना है कि उसका घर ढंढेरी में है लेकिन खेत गांव से दूर हैं। अब फसल काटने के लिए कोई मजदूर नहीं मिल रहा।उधर, जिला कृषि अधिकारी विकास यादव का कहना है कि मजदूर न मिलने की समस्या किसानों के सामने आ रही है। खेत पर फसल काटने जाने वाले मजदूरों को नहीं रोका जा रहा है।


लेकिन किसानों को सेल्फ डिस्टेंसिंग के साथ उसी गांव के मजदूर को फसल काटने में लगाना होगा। बाहरी क्षेत्र से मजदूर दूसरे गांव में प्रवेश नहीं कर सकता है।