शनिवार, 23 मई 2020

भौतिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए : मंत्री कंवर पाल

संवाददाता चंडीगढ़ हरियाणा 


      हरियाणा के पर्यावरण मंत्री कंवर पाल ने शुक्रवार ‘अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस’ के अवसर पर प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए कहा कि हमें भौतिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव पिछले कई वर्षों से प्रकृति के साथ छेड़छाड़ करता रहा है, शायद वर्तमान में फैली कोवीड-19 की महामारी उसी का परिणाम हो।


उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अति दोहन से बाढ़, सूखा, अतिवर्षा, तूफ़ान और महामारी जैसी आपदाएं आती हैं।पर्यावरण मंत्री ने बताया कि विश्व के लोगों को प्राकृतिक स्रोतों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए इस बार ‘अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस’ का थीम ‘‘हमारी समस्याओं का समाधान प्रकृति में ही निहित हैं’’ रखा गया है।



उन्होंने बताया कि हरियाणा मे इस दिवस के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए कोवीड-19 को ध्यान में रखकर ‘‘हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड’’ द्वारा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का ऑनलाइन आयोजन किया गया है।  इनमें स्कूली बच्चो के लिए क्विज प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित की जा रही है जिसकी अंतिम तिथि 31 मई 2020 है। इन प्रतियोगिताओ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतियोगियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी दिये जायेंगे।


इसके अलावा एक निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्कूल एवं कॉलेज के बच्चों के अलावा आम जनता भी भाग ले सकती है। हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के चेयरमैन श्री गुलशन आहूजा ने बताया कि हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री कंवर पाल के मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के महत्व को  लोगो तक पहुंचाने में प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी  www.haryanaforest.gov.in  पर देखी जा सकती है।