मंगलवार, 26 मई 2020

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर अभियान को डिजिटल माध्यम से ही चालएगी : भाजपा

संवाददाता : नई दिल्ली


       भारतीय जनता पार्टी कोरोना वायरस की महामारी के बावजूद नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर पूरे देश में अभियान चलाएगी। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा लिखा एक पत्र 10 करोड़ घरों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पहुंचाया जाएगा, जिसमें आत्मनिर्भर भारत कीजानकारी के साथ कोरोना से बचाव और स्वस्थ रहने की जानकारी होगी।


साथ ही इसमें विश्व कल्याण में भारत की भूमिका भी एक विषय होगा।कोरोना महामारी को देखते हुए इस अभियान को डिजिटल माध्यम से ही चालएगी, पार्टी केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जन जन को बताने का अभियान चलाएगी। इस दौरान पार्टी द्वारा देश भर में 750 वर्चुअल रैलियां की जाएंगी।



इसके साथ ही राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर भाजपा की करीब 1000 वर्चुअल सम्मेलनों का आयोजन करने की योजना है। वाट्सएप, फेसबुक व ट्विटर के जरिए भी पार्टी उपलब्धियों को देश भर में लेकर जाएगी।मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संबोधित भी करेंगे। जेपी नड्डा का यह संबोधन फेसबुक लाइव के जरिए होगा। हर स्तर पर वर्चुअल तरीके से रैली का भी आयोजन किया जाएगा। बड़े राज्य में दो रैली व छोटे राज्य में एक रैली होगी।


मोदी सरकार और भाजपा को इस महीने सत्ता में दोबारा आए एक साल हो रहा है, मगर कोरोना संकट को लेकर अभी तक यह साफ नहीं था कि भाजपा पहली वर्षगांठ को कैसे मनाएगी। मोदी सरकार की 2019 में सत्ता में दोबारा वापसी को 30 मई को सालभर हो जाएगा। 2014 से ही जब मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब से ही भाजपा और सरकार वर्षगांठ के मौके पर अपनी उपलब्धियों को लोगों को बताती रही है।