गुरुवार, 7 मई 2020

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं...

संवाददाता : नई दिल्ली


      राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा है:- बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर, मैं अपने सभी साथी, नागरिकों और पूरी दुनिया में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को शुभकामनाएं देता हूं।


भगवान बुद्ध का संदेश हमें प्रेम, सत्य, करुणा और अहिंसा के साथ मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। उनका जीवन और आदर्श समानता, सद्भाव और न्याय जैसे शाश्वत मूल्यों में हमारे विश्वास को सुदृढ़ करता है।


ऐसे समय में, जब हम कोविड-19 के रूप में एक अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं, हमें जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए और इस तरह भगवान बुद्ध के दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। यह पवित्र त्योहार हमें भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का पालन करने और हमारे बीच सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है।



      उपराष्ट्रपति, एम वेंकैया नायडू ने बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है।उनका शुभकामना संदेश निम्न है-


“भगवान बुद्ध की जन्म जयंती, बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।


 सम्यक आचरण में भगवान बुद्ध द्वारा प्रतिपादित अष्टांग मार्ग तथा व्यवहार में पंचशील के अनुसरण से ही मानवता संसार के चार आर्य सत्यों का समाधान कर, आध्यात्मिक उत्कर्ष प्राप्त कर सकती है।भगवान बुद्ध का सत्य, शांति और करुणा का  संदेश सदैव मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा।


कोविड महामारी की अवधि में भगवान बुद्ध का स्नेह और करुणा का शाश्वत संदेश कहीं अधिक प्रासंगिक है,  कि हम सहिष्णुता से समाज को संगठित रखें, सहानुभूति के भाव से जरूरतमंदों की हर संभव सहायता करें। इस महामारी में अपनी चिंता किए बिना समाज के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रहरियों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखें।