बुधवार, 6 मई 2020

शाह की अगुवाई में भगवान बदरी विशाल के अभिषेक को सुहागिनों ने पिरोया तिलों का तेल...

संवाददाता : देहरादून/ नरेंद्रनगर उत्तराखंड 


      धरती का बैकुंठ धाम कहे जाने वाले भगवान बदरीनाथ धाम के अभिषेक के लिए नरेंद्रनगर स्थित राजमहल में टिहरी सांसद राज्य लक्ष्मी शाह की अगुवाई में सुहागन महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर तिलों का तेल पिरोया। राजपुरोहित ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ तेल पिरोने के कार्य का शुभारंभ किया।  



मंगलवार को राजपुरोहित संपूर्णानंद जोशी, आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल व पंडित हेतराम थपलियाल ने विधि-विधान पूर्वक भगवान गणेश और भगवान बदरीनाथ के पूजन के साथ तेल पिरोने के कार्य का शुभारंभ किया।इस दौरान राजमहल ढ़ोल-दमांऊ की थाप से गुंजायमान हो उठा। सदियों पुरानी इस परंपरा को विधि- विधान पूर्वक निभाया गया। तेल पिरोते वक्त सुहागन महिलाएं ने पीले वस्त्र धारण किए हुए थे, और पीले ही वस्त्र से मुंह ढक कर तेल पिरोने का कार्य किया।


लॉकडाउन के चलते भगवान बदरीनाथ के अभिषेक के लिए तेल पिरोने का कार्य बहुत सादगी से किया गया। पूर्व के वर्षों में तेल पिरोने के विशेष दिन पर राजमहल को बाहर से लेकर अंदर तक फूलों से सुसज्जित किया जाता था। लेकिन इस वर्ष राजमहल के बाहरी दीवारों पर कहीं भी फूलों की सजावट नहीं की गई थी।