बुधवार, 1 जुलाई 2020

मुख्यमंत्री ने मंडी संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल रैली को किया संबोधित...

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल रैली को मंगलवार यहां से संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिजिटल इंडिया सोच के कारण ही हम कोरोना वायरस के कारण हुए लाॅकडाउन और कफ्र्यू में भी जनता से संपर्क साधने में समर्थ हुए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी हाईकमान ने लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को जानने के लिए वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रैलियां करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश में सबसे अधिक रैलियां आयोजित करने वाला प्रदेश है, जहां हमने खंड और मंडल स्तर पर भी रैलियां की हैं।

 


 

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में समय रहते लिए गए निर्णयों के कारण ही हम इस वायरस का प्रभाव कम करने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने प्रधानमंत्री के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लाॅकडाउन के निर्णय के कारण ही भारत में कोरोना के कारण मृत्यु दर विकसित देशों की तुलना में बहुत कम है। दुनिया के 15 सबसे विकसित देशों जिनकी जनसंख्या 142 करोड़ है, में पांच लाख से अधिक लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि भारत की जनसंख्या 135 करोड़ होने के बावजूद भी अभी तक 16 हजार से अधिक मृत्यु कोविड-19 के कारण दर्ज की गई है।

 

अर्थव्यवस्था के पुनरूद्धार के लिए केंद्र सरकार द्वारा घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह पैकेज समाज के प्रत्येक वर्ग को राहत प्रदान करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अर्थव्यवस्था के पुनरूद्धार के लिए कई योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि अप्रैल, मई और जून माह में 5.90 लाख महिलाओं के जनधन खातों में पांच-पांच सौ रुपये जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत राज्य के प्रत्येक पात्र परिवार को तीन गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत एक लाख 11 हजार 863 लोग लाभान्वित हुए हैं तथा उनके खाते में पांच-पांच सौ रुपये जमा किए गए हैं।

 

जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने पात्र लोगों को तीन माह की अग्रिम सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत कामगारों के खातों में चार-चार हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। 

 

पीयुष गोयल ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल ईंजन सरकार राज्य का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरकार राज्य की विकासात्मक मांगों पर संवेदनशील है। उन्हांेने कोविड-19 महामारी को प्रभावी रूप से रोकने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए हिमाचल माॅडल को देशभर में सराहा गया है।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोरोना महामारी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा भी सराहना की गई है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कहा है कि भारत सरकार द्वारा लाॅकडाउन के निर्णय के कारण महामारी को रोकने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि इससे देश को आवश्यक उपकरणों जैसे पीपीई किट्स, मास्क, वेंटिलेटर, आईसोलेशन वार्ड को बनाने के लिए समय मिला है।

 

पीयुष गोयल ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना से छूटे परिवारों के लिए हिमाचल सरकार द्वारा गृहिणी सुविधा योजना आरंभ करने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने केंद्र सरकार के आयुष्मान भारत योजना से छूट गए परिवारों के लिए हिमकेयर योजना आरंभ की है।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्य सरकार की बल्क ड्रग फार्मा पार्क खालने की मांग पर केंद्र सरकार द्वारा सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

 

केंद्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी नई दिल्ली से रैली में भाग लिया। मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र अभूतपूर्व विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के द्वितीय कार्यकाल के एक वर्ष के दौरान भारत का विश्व शक्ति बनना सुनिश्चित हुआ है।

 

विधायक राकेश जम्वाल ने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार के अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के सभी क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित हुआ है।

 

वन मंत्री गोविंद ठाकुर, कृषि मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर, हीरा लाल, इंद्र सिंह गांधी, किशोरी लाल, सुरेंद्र शौरी व प्रकाश राणा, संगठन सचिव पवन राणा, महासचिव राज्य भाजपा त्रिलोक जम्वाल, उपाध्यक्ष राज्य वन निगम सूरत नेगी, अध्यक्ष मंडी जिला भाजपा रणवीर, अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा राजबली भी इस अवसर पर उपस्थित थे।