बुधवार, 15 जुलाई 2020

प्रदेश में शीतकालीन व साहसिक खेलों को दिया जाएगा बढ़ावा : गोविंद सिंह ठाकुर

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      केन्द्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने विभिन्न राज्यों के खेल मंत्रियों के साथ मंगलवार वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में भाग लेते हुए प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि खेलों के विकास के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया’ में प्रदेश के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य के हर जिले में खेलो इंडिया सेंटर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और बच्चों में खेल गतिविधियों की ओर रूझान बढ़ा है। ‘वन स्टेट वन स्पोटर्स’ के तहत राज्य में बाॅक्सिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

 


 

गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेलों से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं से भी विचार विमर्श किया जाएगा। हिमाचल में साइक्लिंग की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश में नए साइक्लिंग ट्रैक्स भी चिन्हित किए जाएंगे।

 

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत खेल प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं होने की स्थिति में राज्य में खेलों से जुड़ी अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत इंदिरा गांधी खेल परिसर की तर्ज पर शिमला में अन्य खेल परिसर स्थापित करने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।

 

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं सचिव अमिताभ अवस्थी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।