बुधवार, 26 अगस्त 2020

भाजपा से निष्कासित कार्यकर्तओं की हो सकती है घर वापसी...

संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 


      विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में वापसी के बाद पार्टी से निष्कासित चल रहे अन्य कार्यकत्र्ताओं की घर वापसी का रास्ता खुल गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने इसके संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि गुण-दोष के आधार पर अन्य कार्यकत्र्ताओं को पार्टी में वापस लिया जाएगा।


प्रदेश में वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से लेकर नगर निकाय, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (हरिद्वार जिले को छोड़कर), सहकारिता के चुनावों के दौरान भाजपा ने लगभग 400 कार्यकत्ताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बाहर का रास्ता दिखाया। अब जबकि, वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं तो पार्टी से बाहर किए गए नेताओं व कार्यकत्ताओं की तरफ भी भाजपा नेतृत्व का ध्यान गया है।



इस सिलसिले में जानकारियां जुटाई जा रही हैं, ताकि कसौटी पर परखने के बाद इनकी घर वापसी कराई जा सके।गौरतलब है कि करीब आधा दर्जन पूर्व विधायकों की पूर्व में पार्टी में वापसी हो चुकी है।


कुछ समय पहले रुड़की के महापौर गौरव गोयल को भाजपा में वापस लिया गया था। माना जा रहा कि अब आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पार्टी से बिछड़े कार्यकर्ताओं की भाजपा में घर वापसी हो सकती है।