शनिवार, 8 अगस्त 2020

छह सौ मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत दूसरा गंभीर...

प्रजा दत्त डबराल @ चम्पावत उत्तराखंड 


      गुरुवार रात में चंपावत जिले के मंच तामली रोड पर खोखिया के पास एक अल्टो कार के गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई तो दूसरे की हालत गंभीर है। दोनों रात भर खाई में पड़े रहे। सुबह जब लोगों को हादसे की जानकारी हुई तो उन्हें निकाला गया। जिसमें एक की मौत हो गई थी और दूसरे की हालत गंभीर थी। घायल का जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


बताया जा रहा है कि खोखिया भमार निवासी राजेंद्र सिंह महर उर्फ रामजाने पुत्र गंगा सिंह (28) गुरुवार की रात अपनी अल्टो कार संख्या-यूके 03,टीए 1363 से कफल्टा मल्ला निवासी प्रकाश सिंह महर (25)पुत्र शेर सिंह को छोडने के लिए चतुरकोट जा रहा था।



रात करीब सवा दस बजे कार चतुरकोट के समीप अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। रात का वक्त होने से किसी को भी दुर्घटना की जानकारी नहीं हो पाई।घर न पहुंचने पर शुक्रवार की सुबह दोनों युवकों के परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो दुर्घटना के बारे में पता चला।


सूचना पर मंच थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की मदद से कार सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। तब तक कार सवार प्रकाश की मृत्यु हो चुकी थी और चालक राजेंद्र घायल अवस्था में था।