रविवार, 27 सितंबर 2020

राज्य सरकार झारखण्ड उच्च न्यायालय द्वारा पारित इस निर्णय के विरुद्ध उच्चतम न्यायालय में अपील करेगी...

संवाददाता : रांची झारखंड


      राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार पूर्व सांसद सालखन मुर्मू एवं पूर्व विधायक सुखदेव भगत से प्राप्त ज्ञापन तथा विभिन्न समाचारपत्रों/टीवी चैनलों के माध्यम से झारखण्ड उच्च न्यायालय द्वारा शिक्षक नियुक्ति संबंधी पारित आदेश पर संज्ञान लेते हुए राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन से विडियोकॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से तथ्यों को स्पष्ट करने हेतु कहा।


उन्होंने राज्य सरकार का इस निर्णय के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की। राज्यपाल महोदया को महाधिवक्ता द्वारा अवगत कराया गया कि राज्य सरकार झारखण्ड उच्च न्यायालय द्वारा पारित इस निर्णय के विरुद्ध उच्चतम न्यायालय में अपील करेगी।



इस क्रम में राज्यपाल ने राज्य के उन मेधावी युवाओं जिनकी सेवा बर्खास्त की गई है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए चिंता व्यक्त की और कहा कि पूरे प्रकरण में उन युवाओं की कोई गलती नहीं है।


विडियोकॉन्फ्रेन्सिंग के क्रम में राज्यपाल के प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह एवं विशेष कार्य पदाधिकारी (न्यायिक) राजकमल मिश्र भी जुड़े हुए थे।