शनिवार, 21 नवंबर 2020

नगरोटा में लोक निर्माण व जल शक्ति विभाग द्वारा 515 करोड़ रुपये की योजनाएं कार्यान्वित की जा रही: मुख्यमंत्री

 संवाददाता : शिमला हिमाचल

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 के कारण पिछले नौ माह के दौरान देश की आर्थिक स्थिति पर विपरीत प्रभाव पड़ा है, परन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस आपात स्थिति का दक्षता से प्रबन्धन किया और देश की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी का मुख्य साधन है और कोरोना के कारण इस क्षेत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। हमें वर्तमान स्थिति से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि इस बीमारी से बचने के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नगरोटा बगवां में नगर परिषद के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्व में एक बड़े और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उनके मार्गदर्शन में देश में गरीबों को राहत प्रदान करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में लोगों के कल्याण के लिए आरम्भ की गई विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व के कारण ही बिहार में एनडीए सरकार सत्ता में आई है।
 
जय राम ठाकुर ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत 365 करोड़ रुपये और जल शक्ति विभाग के तहत 150 करोड़ रुपये लागत की योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने आर्किटेक्चर काॅलेज नगरोटा बगवां के लिए 5.5 करोड़ रुपये और राजकीय महाविद्यालय बड़ोह के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हटवास में फ्रूट केनिंग यूनिट का आवश्यकतानुसार निर्माण तथा नगरोटा बगवां में सामुदायिक केन्द्र का पुनर्निमाण प्रस्तावों के अध्ययन के पश्चात शहरी क्षेत्र के लोगों की जरूरत के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय जलोट को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा पशु औषधालय स्यूंड को अस्पताल में स्तरोन्नत करने और ठारू में पटवार वृत्त खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने बड़ोह में बीडीओ कार्यालय खोलने तथा संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण करने के प्रस्ताव पर सहानुभूनिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
 
मुख्यमंत्री ने हटवास पहुंचने पर फ्रूट केनिंग यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद के सामुदायिक केन्द्र के पुराने भवन का दौरा भी किया। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
 
सांसद लोक सभा किशन कपूर ने अपने सम्बोधन में प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही केन्द्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक नीतियों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व और संकट के दौरान देश को सुरक्षित बनाए रखने के लिए उनकी सराहना की।
 
स्थानीय विधायक अरूण मेहरा ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्तावित विकासात्मक कार्यों से सम्बन्धित विभिन्न मांगों से भी अवगत करवाया।भाजपा जिला अध्यक्ष चन्द्र भूषण नाग ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
 
मुख्यमंत्री ने विभिन्न महिला मण्डलों को चेक वितरित किए। नगरोटा बगवां खण्ड के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये का चेक भेंट किया।  
 
विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी, वन मंत्री राकेश पठानिया, राज्य सभा सांसद इन्दु गोस्वामी, विधायक रीता धीमान, मुल्ख राज प्रेमी, रविन्द्र धीमान और विशाल नेहरिया, पूर्व विधायक सुरेन्द्र काकू, हिमाचल प्रदेश वूल फैडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, उपाध्यक्ष एससी एवं एसटी निगम जय सिंह उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।