सोमवार, 2 नवंबर 2020

हरियाणा ने हर क्षेत्र में तरक्की की है और एक नई पहचान बनाई : रणजीत सिंह चौटाला

 संवाददाता : चंडीगढ़ हरियाणा

हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा ने हर क्षेत्र में तरक्की की है और एक नई पहचान बनाई है। प्रदेश की नई खेल नीति से खिलाडिय़ों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। प्रदेश सरकार द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को छह करोड़ रुपए की राशि ईनाम स्वरूप दी जाती है जो कि हमारे देश में ओलंपिक पदक विजेता खिलाडिय़ों दी जाने वाली सबसे अधिक राशि है। प्रदेश सरकार द्वारा ओलंपिक पदक विजेता खिलाडिय़ों को डीएसपी तक के पदों पर नियुक्ति दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि भिवानी के भीम खेल स्टेडियम में हरसंभव अत्याधुनिक खेल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

बिजली मंत्री चौटाला हरियाणा दिवस के अवसर पर भिवानी के भीम खेल परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के दौरान अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि भिवानी के खिलाडिय़ों ने खेलों में बड़ा नाम कमाया है। चाहे गीता-बबीता की बात हो या फिर बॉक्सर बिजेंद्र सिंह की बात हो, यहां के खिलाडिय़ों ने देश-विदेश में भिवानी का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रतिस्पर्धा की भावना का होना जरूरी है और वह खेलों से आती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर की हम बात करें तो शरीर में रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए शारीरिक अभ्यास और खेल बहुत जरूरी हैं।

बिजली मंत्री ने भारत के पहले गृहमंत्री रहे भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पटेल ने देश की 550 से भी अधिक रियासतों को समाप्त करके देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। हमें देश की एकता और अखंडता का बनाए रखने के लिए राष्ट्र के प्रति समर्पित रहना है। उन्होंंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने बिजली मंत्री से भीम खेल परिसर में हाई मास्ट लाईट लगवाने व समुचित पानी के लिए बुस्टिंग स्टेशन बनवाने की मांग की।

उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने बिजली मंत्री व अन्य मेहमानों को स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाया जाएगा और खेल परिसर में सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल ने सभी मेहमानों का आभार प्रकट किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट किया।

इस दौरान लड़कियों व लडक़ोंं की 800 मी. दौड़ प्रतियोगिता करवाई गई। लड़कियों की दौड़ में अंजू ने पहला, सोनिका ने दूसरा और वर्षा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार से लडक़ों की दौड़ में वीरेंद्र ने पहला , सुमित ने दूसरा और संजय ने तीसरा स्थान हासिल किया। बिजली मंत्री ने विजेता खिलाडिय़ों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।

बिजली मंत्री खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले लठिया वाला जोहड़ पहुंचे। यहां पर उन्होंने रिबन काटकर व नारियल फोडकऱ जोहड़ के जीर्णाेद्धार कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान बिजली मंत्री ने कहा कि तालाबों का जीर्णोद्धार करना जरूरी है और यह एक पुण्य का कार्य भी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश भर में तालाबों को जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है। जो सामाजिक संस्थाएं व ग्राम पंचायत यह कार्य कर रही हैं , वे निश्चित तौर पर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस तालाब के जीर्णोद्धार कार्य में वे हर संभव मदद करेंगे।

इस दौरान विधायक घनश्याम दास सर्राफ, एसडीएम महेश कुमार, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, नप चेयरमैन रणसिंह यादव, रामदेव तायल, दीपक बंसल, बिल्लू बामलिया, नरेश गर्ग, मन्नू, संजय दलाल, अनिल पालवासिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक व मंदिर के महंत मौजूद रहे।