मंगलवार, 12 नवंबर 2019

नशे पर अंकुश लगाने में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को अह्म भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए : मुख्यमंत्री

संवाददाता : ऊना हिमाचल 


      राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लक्ष्य को सन्मुख रखकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) एक देशव्यापी छात्र संगठन के रूप में अपने बहुआयामी और विविध गतिविधियों के साथ समाज के हर पहलू को छू रहा है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात जिला ऊना में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 40वें प्रांत अधिवेशन (सेमीनार) के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए कही।

 


 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद इस बात को महसूस किया गया कि छात्रों में राष्ट्रवाद और देश भक्ति की भावना जगाने के लिए एक छात्र संगठन होना चाहिए। इस प्रकार 1948 में स्वतंत्रता के एक वर्ष के पश्चात, एबीवीपी छात्रों की ऊर्जा को राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में लगाने के उद्देश्य से अस्तित्व में आई। उन्होंने कहा कि एबीवीपी आज दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन बनकर उभरा है।

 

जय राम ठाकुर ने कहा कि एबीवीपी ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के बारे में लोगों को शिक्षित करने में भी एक प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह संगठन जम्मू-कश्मीर के छात्रों को मुख्यधारा में जोड़ने का भी कार्य कर रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने छात्रों में नशे के इस्तेमाल की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एबीवीपी को आगे आना चाहिए और समाज में व्याप्त इस बुराई को खत्म करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पहल पर हिमाचल के पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा, उत्तराखण्ड और राजस्थान आदि इस बुराई पर अंकुश लगाने के लिए एक समान रणनीति तैयार करने के लिए सहमत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त एबीवीपी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए भी आगे आना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण, अवैध बंगलादेशी, घुसपैठ, आतंकवाद, माओवादी हिंसा के खिलाफ संघर्ष किया है, जिससे पूरे समाज में जागृति पैदा हुई और ऐसे मामलों में छात्र शक्ति को अपनी भूमिका निभाने के प्रति पे्ररित किया।

 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एबीवीपी के अधिवेशन का थीम गीत भी लाॅंच किया।

 

एबीवीपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील अंबेकर ने कहा कि प्रदेश में एबीवीपी सराहनीय सेवाएं दे रही हैं और देश में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने अपने अस्तित्व के 70 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और यह देश के प्रमुख छात्र संगठन के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी से जुड़े छात्रों को शिक्षा के अलावा राष्ट्रीयता और देशभक्ति की मशाल को लेकर चलना चाहिए।

 

 

अध्यक्ष, स्वागत समिति आरएम शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।

 

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक राजेश ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, एबीवीपी के प्रांत अध्यक्ष डाॅ. सुनील ठाकुर, प्रांत मंत्री राहुल राणा, एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर नागेश ठाकुर, उपाध्यक्ष एसआईडीसी प्रोफेसर राम कुमार, हिमुडा के उपाध्यक्ष परवीन शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी मोहिन्द्र धर्माणी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, कैलाश फैडरेशन के उपाध्यक्ष रवि मेहता सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।