गुरुवार, 7 नवंबर 2019

प्राकृतिक चिकित्सा समय की मांग, इसे प्रचारित करने की आवश्यकता : राज्यपाल

संवाददाता : पालमपुर हिमाचल 


      राज्यपाल बडांरू दत्तात्रेय ज़िला कांगड़ा के अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान पालमपुर पहुंचे। ज़िला कांगड़ा का राज्यपाल का यह पहला दौरा है।राज्यपाल ने होल्टा में विवेकानन्द चिकित्सा संस्थान का दौरा किया जहां पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष शांता कुमार ने उनका स्वागत किया।

 


 

राज्यपाल को ट्रस्ट में चलाई जा रही प्राकृतिक चिकित्सा के तहत आने वाली गतिविधियांे जैसे निर्मय सेंटर आॅफ ट्रस्ट, फिजियोथेरेपी, काॅम्बिनेशन थेरेपी, निरन्तर निष्क्रिय गति आदि के बारे में अवगत करवाया गया। उन्होंने साधना कम्पलैक्स व विश्रान्ति के नाम से निर्मित हो रहे वृद्धाश्रम का भी दौरा किया, जिसके बारे में शांता कुमार ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी।

 

दत्तात्रेय ने लोगों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा संस्थान द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य परियोजनाओं के लिए ट्रस्ट के प्रबन्धन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा समय की मांग है और इसका और अधिक प्रचार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को दी जा रही सुविधाएं सराहनीय हैं।