शनिवार, 25 जनवरी 2020

धर्मपुर क्षेत्र के बरोटी में खोली जाएगी आधुनिक आईटीआई : जय राम ठाकुर

संवाददाता : धर्मपुर हिमाचल


      मुख्यमंत्री ने धर्मपुर क्षेत्र में 270 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित कीं,विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए जिला मण्डी के धर्मपुर क्षेत्र के बरोटी में अगले सत्र से आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोला जाएगा। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने धर्मपुर क्षेत्र के बरोटी में जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

 


 

मुख्यमंत्री ने आज धर्मपुर क्षेत्र में 270 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जय राम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में सुरक्षित है और उनके कुशल नेतृत्व में देश ने अपना पुराना गौरव फिर से प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि शक्तिशाली देशों के नेताओं ने भी नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का लोहा माना है। यह नरेन्द्र मोदी की मजबूत राजनीतिक सोच का ही नतीजा है कि अनुच्छेद 370 को हटाया गया, जिससे भारत के एक राष्ट्र एक संविधान और एक ध्वज का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार तीन तलाक के ऐतिहासिक निर्णय से मुस्लिम महिलाओं के शोषण पर रोक लगी है और महिला सशक्तिकरण को बल मिला है।

 

जय राम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट पर भी सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को स्मरण करवाया कि उन्होंने भी निवेश आकर्षित करने के लिए पूरे देश का दौरा किया था, हालांकि वे पूर्ण रूप से विफल रहे थे। वर्तमान प्रदेश सरकार एक लाख करोड़ रुपये के निवेश के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने में सफल रही है। प्रदेश सरकार के दो साल वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य पर ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 13,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारम्भ हुआ।

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की बरग-गुम्मा सड़क के लिए 20 लाख रुपये और थाना झायारड़ सड़क के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मन्त्री महेंद्र सिंह ठाकुर को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की, ताकि वे प्रदेश व क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे सकें।

 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के अंतर्गत नवजात कन्याओं के माता-पिता को सम्मानित किया। उन्होंने 10वीं और 11वीं कक्षा की छात्राओं को सम्मानित किया और सशक्त महिला योजना के तहत बोर्ड परीक्षा में 12वीं कक्षा में मैरिट प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया। उन्होंने स्कूलों में छात्राओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए सर्वोत्तम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाआंे को भी सम्मानित किया।

 

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मन्त्री को उनके जन्मदिवस पर केक भेंट किया।

 

विधायक कर्नल इन्द्र सिंह, जवाहर ठाकुर, इन्द्र सिंह गांधी, हीरा लाल और प्रकाश राणा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के महासचिव रजत ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल की निदेशक प्रियाव्रत शर्मा और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सचिव आरएन बत्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।