शनिवार, 4 जनवरी 2020

गुणात्मक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण आवश्यक : राज्यपाल

संवाददाता : शिमला हिमाचल


      गुणात्मक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण भी आवश्यक है। यह बात राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज डीएवी अंबोटा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण व व्यक्तिव विकास को जरूरी बताते हुए कहा कि बिना संस्कारों के शिक्षा का कोई मूल्य नहीं है।

 


 

राज्यपाल ने कहा कि अध्यापक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी विकास करते हैं और डीएवी संस्था इसी के लिए जानी जाती है। देश भर में डीएवी स्कूल संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। डीएवी के विद्यार्थी आज उच्च पदों पर आसीन हैं, जो डीएवी की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ज्ञान आज इंसान की ताकत है और देश की गरीबी दूर करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

बंडारू दत्तात्रेय ने संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर तथा पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि सभी को उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए।

 

राज्यपाल ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, प्लास्टिक का उपयोग न करना तथा वन संरक्षण बेहद जरूरी है। पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। पूरे विश्व में जल संकट पैदा हो रहा है और अगर आज पानी नहीं बचाया गया तो निकट भविष्य में एक बड़ी समस्या सामने होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वच्छता अभियान छेड़ा है और प्लास्टिक का उपयोग न करना इसी मुहिम का हिस्सा है। सभी नागरिकों को इसमें बढ़-चढ़ कर शामिल होना चाहिए। 

 

इससे पहले डीएवी अंबोटा स्कूल पहुंचने पर राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रधानाचार्य नमित शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

 

वार्षिक समारोह के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। राज्यपाल ने स्कूल की स्मारिका का विमोचन किया और मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया।

 

इससे पहले, राज्यपाल ने डीएवी अंबोटा के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी किया।

 

विधायक बलबीर सिंह, विधायक राजेश ठाकुर, डीएवी काॅलेज प्रबंध समिति के सचिव अरविंद घई भी इस अवसर पर उपस्थित थे।