मंगलवार, 7 जनवरी 2020

जल एवं हरियाली के बीच ही जीवन सुरक्षित है, यह बात हर किसी को समझना होगा : मुख्यमंत्री

संवाददाता : किशनगंज बिहार 


           मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत किशनगंज जिले के ठाकुरगंज नगर पंचायत स्थित भातडाला पोखर के सौंदर्गीकरण कार्य का उद्घाटन किया एवं इसका निरीक्षण किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पुष्प-गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने भातडाला पोखर प्रांगण में लगे गुलाबों का बगीचा, औषधीय वाटिका का अवलोकन करने के बाद आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र भातडाला का रिबन काटकर उदघाटन किया एवं इसका भी मुआयना किया। भातडाला पोखर प्रांगण में जल संरक्षण तकनीक एवं जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम से संबंधित लगे स्टॉलों का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया एवं पास स्थित जीर्णोद्धार कराये गये कुएं का निरीक्षण किया।



मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का रिबन काटकर उद्घाटन करने के बाद सभी स्टॉलों का बारी-बारी से अवलोकन किया। प्रदर्शनी अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लाभुकों को लाभ एवं कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने हरियाली एप्प के विषय में जानकारी ली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के लाभुकों को प्रतीक स्वरूप वाहन की चाबी एवं कागजात मुख्यमंत्री ने प्रदान किये। सामाजिक सुरक्षा कोषांग किशनगंज द्वारा लगाए गए स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के बीच कम्बल भी वितरित किये। सतत् जीविकोपार्जन योजनान्तर्गत 104 ग्राम संगठनों के 311 लाभार्थियों को 1,16,20,000 रुपये का चेक प्रदान किया गया। 19 जनवरी 2020 को बनने वाली मानव श्रृंखला के संदर्भ में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में मुख्यमंत्री ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी एवं इस हेतु हस्ताक्षर भी किये।


पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हम जगह-जगह जा रहे हैं क्योंकि जल और हरियाली के बीच ही जीवन सुरक्षित है। इस बात को हर किसी को समझना होगा। इस अभियान के 11 अंश हैं, जिन पर काम चल रहा है। हम उन्हीं कामों को देखने और प्रमंडल स्तर पर इसकी समीक्षा करने के लिए जल-जीवन-हरियाली यात्रा पर निकले हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण जलवायु का बुरा हाल है, जल स्तर नीचे जा रहा है, जिसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 19 जनवरी को दिन के 11.30 बजे पूरे बिहार में मानव श्रृंखला बनायी जायेगी।



इस अवसर पर आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय, प्रधान सचिव पथ निर्माण अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव ग्रामीण विकास अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, पूर्णिया प्रमंडल की आयुक्त सफीना ए.एन., मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पूर्णिया के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।