सोमवार, 6 जनवरी 2020

मुख्यमंत्री ने आई.पी.एस. कॉनक्लेव को संबोधित किया,जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूँजी : भूपेश बघेल

संवाददाता : रायपुर छत्‍तीसगढ़


      मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि लोगों का पुलिस पर विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। इसे हर हाल में बनाए रखने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने जनता के विश्वास, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने, लोगों को सुरक्षा देने, विकास कार्यों के क्रियान्वयन तथा लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए त्वरित और प्रभावी ढंग से कार्य करने का आव्हान पुलिस से किया। वे नवा रायपुर, अटल नगर स्थित पुलिस मुख्यालय में पहली बार आयोजित आईपीएस कॉनक्लेव को संबोधित कर रहे थे। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव आर. पी. मंडल, पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी, एडीजी संजय पिल्ले, आर.के. विज और अशोक जुनेजा इस अवसर पर उपस्थित थे।



मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कलेक्टरों को भी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश राज्य शासन द्वारा दिए गए हैं। उन्होंने कहा किअधिक से अधिक नौजवानों को खेल से जोड़ने और गांव की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की पहल पुलिस के अधिकारियों को करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस बल द्वारा पिछले एक वर्ष में प्रदेश में अच्छी कानून व्यवस्था बनाए रखने, आयोजनों में चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था, नक्सली घटनाओं में कमी जैसी उपलब्धियों को सराहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सराहनीय काम किया। देश विदेश से आए कलाकारों ने पुलिस के आतिथ्य की सराहना की, इससे राज्य सरकार के साथ साथ छत्तीसगढ़ पुलिस की अच्छी छवि बनी है। 


गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि जनता के मन में पुलिस के प्रति सम्मान और अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नक्सल इलाकों में पुलिस विकास की रोशनी पहुंचाने में सहयोग करें। वहां खुद जाकर लोगों से बातचीत करें । उन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और नक्सली घटना में कमी का उल्लेख करते हुए पुलिस बल की सराहना की । उन्होंने कहा कि नशे के व्यापार पर सख्ती से पाबंदी लगाई जानी चाहिए ।



पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी में कहा की है वर्ष 2020 में पुलिस में आरक्षकों और उपनिरक्षकों के पांच हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। पिछले एक वर्ष में नक्सली घटनाओं में 46 प्रतिशत की कमी आई है। राज्य में चिटफंड कंपनियों के एजेंटों के विरुद्ध प्रकरण वापस लिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारी कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई। मुस्कान योजना में गुमशुदा बच्चों की वापसी में बड़ी सफलता मिली है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की गई है। उन्होंने वर्ष 2020 की पुलिस की योजनाओं की रूपरेखा की जानकारी भी दी। एडीजी अशोक जुनेजा ने आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।