गुरुवार, 23 जनवरी 2020

मुंगेली जिले के पुरातात्विक और धार्मिक स्थल मदकूद्वीप का होगा समन्वित विकास...

संवाददाता : मुंगेली छत्‍तीसगढ़


      मुंगेली जिले के विकासखण्ड पथरिया के अंतर्गत शिवनाथ नदी के तट पर स्थित पुरातात्विक और धार्मिक स्थल मदकूद्वीप का समन्वित विकास होगा। मुंगेली जिले के कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ग्राम मदकू पहुंचे और अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ मनमोहक और सुंदर द्वीप मदकूद्वीप का भ्रमण किया।



कलेक्टर डाॅ. भुरे ने अपने भ्रमण के दौरान मदकूद्वीप की पुरातात्विक अवशेष एवं उत्खनन के संबंध में एक-एक बिन्दुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होने कहा कि जिले में स्थित मदकूद्वीप ऐतिहासिक, पुरातात्विक और धार्मिक स्थल के साथ-साथ एक पर्यटन क्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है। यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं है। मदकूद्वीप को पर्यटन के रूप में विकसित करने से यहां बड़े पैमाने पर सैलानी आयेंगे। सैलानियों के लिए यह आकर्षण का केंद्र होगा।


जिससे इसकी पहचान देश-विदेश में होगी। जिसके फलस्वरूप मुंगेली जिले का नाम भी पर्यटन के नक्शे में स्थापित होगा। इसे दृष्टिगत रखते हुए मदकूद्वीप का समन्वित विकास किया जायेगा। उन्होने मदकूद्वीप का समन्वित विकास के लिए कार्य योजना बनाने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।