बुधवार, 8 जनवरी 2020

संत महात्माओं का संदेश और विचार किसी एक समाज के लिए नही बल्कि पूरे मानव समाज के लिए होते हैं : मुख्यमंत्री

संवाददाता : पथरिया छत्‍तीसगढ़


      मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने कहा है कि भारत देश संत महात्माओं का देश है। संत महात्माओं के विचारों और उपदेशों में परोपकार की भावना होती है। संत महात्माओं के संदेश और विचार किसी एक समाज के लिए नहीं होते, यह पूरे मानव समाज के लिए होते हैं। बघेल आज मुंगेली जिले के विकासखण्ड पथरिया के ग्राम मोतिमपुर स्थित अनुरागी धाम में आयोजित अखंड नवधा रामायण के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।



इसके पूर्व बघेल ने यज्ञ स्थल में आहुति और पूजा अर्चना कर प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा और अनुरागी धाम समिति द्वारा आयोजित अखण्ड नवधा रामायण के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। तत्पश्चात मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अनुरागी धाम में निर्मित भव्य उद्यान का अवलोकन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल का के.के. श्रीवास्तव और उनके परिवार द्वारा महा माला पहनाकर तथा सुआ नृतक दलों की महिलाओं ने सुआ नृत्य कर भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सुआ नृतक दलों की महिलाओं के साथ फोटो खींचाकर उनका उत्साहवर्धन किया।


कार्यक्रम को स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ने भी संबोधित किया। उन्होनें कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि ऐसे पवित्र स्थल पर उपस्थित होने का मौका मिला है। उन्होने कहा कि अनुरागी बाबा ने जनकल्याण के लिए काम किया है। उन्होने कहा कि राम चरित मानस में गरीबो के उत्थान और कुपोषित को सुपोषित करने की बात का उल्लेख है। उन्होनें अखंड नवधा रामायण के आयोजन के लिए आयोजकों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी।


आयोजन समिति के अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शैलेष पाण्डेय, तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रश्मि सिंह, बिलासपुर नगर निगम के महापौर रामशरण यादव, बिलासपुर नगर निगम के सभापति शेखनजरूद्दीन, महंत पुरूषोत्तम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन अटल श्रीवास्तव ने किया।