बुधवार, 27 जनवरी 2021

उत्तराखंड की प्रमुख खबरें...

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद द्वारा गांधी पार्क में आयोजित सामूहिक वन्दे मातरम गायन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा पिछले लगभग 35 वर्षों से राष्ट्र जागरण, देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्र जागरण से ओत-प्रोत इस प्रकार के कार्यक्रम उनकी पहचान बन गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया।

 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को प्रातः 10ः30 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सेना, आईटीबीपी, पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी के जवानों ने मार्चपास्ट करते हुए राज्यपाल को सलामी दी। राज्य के लोक कलाकारों ने भी अपनी नृत्य कला का मनोहारी प्रदर्शन किया।

 
राज्यपाल मौर्य द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्तव्यपरायण पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, नरेश बंसल, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, स्थानीय विधायक खजान दास, मुख्य सचिव ओम प्रकाश सहित पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।
 
इसके पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में प्रातः 9ः00 बजे ध्वजारोहण करके राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
 
                                             

  72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों एवं पुलिस के जवानों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले एवं देश की एकता एवं अखंडता के लिए कार्य करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी देश एव प्रदेश में कोविड काफी नियंत्रण में है। हमारे वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में कोरोना वैक्सीन तैयार की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत कोविड पर पूर्ण नियंत्रण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजानदास आदि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने परेड ग्राउंड, देहरादून में गणतंत्र दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया।