मंगलवार, 2 फ़रवरी 2021

उत्तराखंड  एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें…

 संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 

उत्तराखंड  एक झलक में, उत्तराखंड की प्रमुख खबरें

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सोमवार को तनुष क्रिकेट अकादमी, देहरादून में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड द्वारा राज्य आन्दोलकारी स्व. हंसा धनई की स्मृति में राज्य स्तरीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। विजेता टीम को बधाई एवं सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुये राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि जिन खेलों को पहले पुरूष खिलाड़ियों के लिये ही माना जाता था, उन खेलों में भी महिलाओं ने अपनी योग्यता सिद्ध की है। एकता बिष्ट, मिताली राज, झूलन गोस्वामी, शिखा पाण्डे, मानसी जोशी जैसी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सिद्ध किया है कि वे पुरूष क्रिकेट खिलाड़ियों से किसी भी स्तर पर कम नही है।


मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित पुलिस वार्षिक सम्मेलन में घोषणा की कि गैरसैंण में इंडियन रिजर्व बटालियन की तीसरी यूनिट खोली जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 05 पुलिस लाईनों के उच्चीकरण पर भी सहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एंटी ड्रग पॉलिसी लाए जाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छात्र पुलिस कैडेट के लिए भी वर्दी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाए जाने पर सहमति व्यक्त की। कहा कि आपदा, दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस विभाग को हैली सर्विस भी उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी सबसे बड़ी चुनौती कुम्भ-2021 है। इसकी सफलता के लिए हमारा सिस्टम पूरी तरह से तैयार है।

 


15 वें वित्त आयोग द्वारा उत्तराखण्ड को कुल 89,845 करोड़ रूपए की संस्तुति की गई है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 15 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री एनके सिंह का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्तराखण्ड को विकास योजनाएं संचालित करने में काफी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमजीएसवाई में बड़ी राशि मिलने से सड़क से वंचित रह गये गांवों को सड़कों से जोड़ा जा सकेगा। गौरतलब है कि 15 वें वित्त आयोग द्वारा कुल 89,845 करोड़ रूपए की संस्तुति की गई है। इसमें 47,234 करोड़ रूपए की राशि केन्द्रीय करों में राज्य का हिस्सा है। केंद्रीय करों में राज्य के हिस्से में 1.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य होने के कारण उत्तराखण्ड को आपदा प्रबंधन में 5178 करोड़ रूपए की संस्तुति की गई है। पीएमजीएसवाई में 2322 करोङ रूपए की राशि की संस्तुति की गई है।

                                       

उत्तरकाशी के भटवाड़ी ब्लॉक में लगभग 3 हजार निरक्षर नागरिकों का चिन्हीकरण किया गया है। शिक्षा विभाग ने इन सभी को साक्षर बनाने की पहल शुरू की है ताकि ब्लॉक को मॉडल बनाया जा सके। जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने साक्षरता पर जोर देते हुए अभिनव पहल के तहत मॉडल साक्षर विकासखंड की सार्थक पहल की है। जिसके तहत शिक्षा से वंचित युवक एवं वयस्कों को साक्षर बनाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। भटवाड़ी की 84 ग्राम पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। जून 2021 तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।