शुक्रवार, 26 जुलाई 2019

ग्रीन भोपाल-कूल भोपाल अभियान में घर पर पहुँचाये जा रहे पौधे...

संवाददाता : नई दिल्ली 


          वन विभाग ने 'ग्रीन भोपाल-कूल भोपाल'' अभियान में भोपाल संभाग में 86 लाख 66 हजार से अधिक पौधे तैयार किये हैं। अब तक 40 लाख पौधे लोगों को प्रदाय किये जा चुके हैं। अकेले भोपाल शहर में 6 लाख पौधे विक्रय किये गये हैं। यहाँ अहमदपुर नर्सरी में उच्च गुणवत्ता-तकनीक से डेढ़ से दो साल की अवधि में तैयार पौधे मात्र 12 से 45 रुपये में लोगों को दिये जा रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक अनुसंधान एवं विस्तार रवीन्द्र सक्सेना ने मीडिया कार्यशाला में यह जानकारी दी।



वन विभाग द्वारा 'आपका पौधा-आपके द्वार'' योजना में इस वर्ष अब तक एक लाख लोगों को उनके घर पर पौधे प्रदाय किये गये हैं। पिछले साल मानसून के दौरान 50 हजार पौधे लोगों के घरों तक पहुँचाये गये थे। हरित वाहन से वन विभाग द्वारा गत वर्ष लोगों तक 50 हजार पौधे पहुँचाये गये थे। इस वर्ष नगर निगम से 15 और वाहन मिलने से यह संख्या दोगुनी हो गई है। पौधों की मांग निरंतर जारी है। पौधा-रोपण के इच्छुक लोग डिप्टी रेंजर अनिल जैन से 9131416399 और श्री एच.एस. पाण्डे से 9584985725 पर भी बात कर सकते हैं। पौधे नो प्रॉफिट-नो लॉस कीमत पर पहुँचाये जाते हैं। पहुँचाने का कोई शुल्क नहीं लिया जाता।


अहमदपुर नर्सरी में इस वर्ष सीड बॉल मशीन लगाई गई है। इससे प्रतिदिन 250 के स्थान पर उच्च गुणवत्ता वाले 10 हजार सीड बॉल प्राप्त हो रहे हैं। जंगल की आवश्यकता वाले क्षेत्रों में इनको बिखेरा जा रहा है। वर्षा का जल पाकर ये पौधों में तब्दील हो जायेंगे और भविष्य में एक नया जंगल विकसित होगा। पौधे तैयार करने में रासायनिक खाद के स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट खाद का इस्तेमाल किया जा रहा है। नर्सरी में जापानी मियावाकी पद्धति से और विलुप्तप्राय दुर्लभ प्रजातियों के पौधे भी तैयार किये जाकर उनका संरक्षण और रोपण किया जा रहा है।