शुक्रवार, 26 जुलाई 2019

पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से सस्ती और आसान हुई धान रोपाई...

संवाददाता : भोपाल मध्यप्रदेश


       जबलपुर जिले में पाटन विकासखंड के ग्राम करारी निवासी किसान अर्जुन पटेल अपने खेत में धान की रोपाई के लिये पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का उपयोग कर रहे हैं। मशीन से कम समय में अधिक रोपाई हो जाती है और मजदूरी की बचत भी होती है। मशीन की कीमत 14 लाख 50 हजार रुपये है, जिसमें कृषि अभियांत्रिकी विभाग 5 लाख सरकारी अनुदान भी दे रहा है।



जिला कलेक्टर ने किसान अर्जुन के खेत पर मशीन की उपयोगिता देखी। अर्जुन ने उन्हें बताया कि पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान की रोपाई में करीब एक हजार रुपये प्रति एकड़ लागत आती है। एक साथ 6 लाइन में एक दिन में 8 से 10 एकड़ तक आसानी से रोपाई होती है। पहले एक एकड़ में धान रोपाई पर करीब 4 हजार रुपये लागत आती थी और 15-20 मजदूरों की टोली एक दिन में एक एकड़ में ही बोनी कर पाती थी।


अर्जुन पटेल बताते हैं कि नई मशीन 'राईट ऑन टाईप फोर व्हील' है। इसे एक व्यक्ति आसानी से चला सकता है। मशीन काली मिट्टी में भी आसानी से रोपाई करती है, कीचड़ में नहीं धँसती। अब जिले के किसान बड़ी संख्या में इस मशीन का उपयोग करने लगे हैं।