शुक्रवार, 1 नवंबर 2019

कुचाई की जनता से सीधा संवाद, घर-घर पहुंचाई सीएम ने सरकार की योजनाएं...

संवाददाता : रांची  झारखंड


      मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई में जन चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि राज्य को आगे बढ़ाना है तो महिलाओं को आगे बढ़ाना होगा। ये राज्य महिलाओं के दम पर ही आगे बढ़ेगा। झारखंड की हर बेटी सुकन्या है। हमें हर बेटी पर नाज़ है। मुख्यमंत्री ने कुचाई के बिरसा मुंडा स्टेडियम में जन चौपाल को सम्बोधित करते हुए कहा कि बेटियों से अपील है कि आंगनबाड़ी में जाकर अपनी पासबुक पंजीकृत कराएं और मुख्यमंत्री सुकन्या योजना का लाभ लें।



बड़ी बेटियों के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना भी है। इन योजना की राशि सीधे बेटीयों के अकाउंट में आएगी। इन्हें न किसी दफ्तर का चक्कर लगाना है और न ही कोई बिचौलिया इनका हक मार पाएगा। बेटा-बेटी में फर्क न करें। आप सभी अपनी बेटियों को जरूर पढ़ाएं, बेटी पढ़ेगी तो दो परिवार के संस्कार बदलेंगे। बेटियों को आगे बढ़ने का हर अवसर उपलब्ध कराएं।


विकास का आधार होता है बिजली और सड़क


मुख्यमंत्री ने लोगों को बताया कि राज्य सरकार बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सभी पूर्ववर्ती सरकारों ने झारखण्ड को बिजली और सड़क के नाम पर धोखा दिया है। आज़ादी के 67 साल बाद भी झारखण्ड के सिर्फ 38 लाख परिवारों तक बिजली पहुंची थी। हमारी सरकार ने सिर्फ 5 साल में 30 लाख घरों तक बिजली पहुंचाई है। गांव-गांव सड़कों का जाल बिछा है।


बंदूक से व्यवस्था नहीं बदलती, बंदूक से जान जाती है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड में नक्सलवाद आखिरी सांसें गिन रहा है। भटके हुए सभी युवाओं से अपील है कि मुख्यधारा से जुड़ें, सरकार आपकी हर संभव मदद करेगी।


गरीब के लिए इलाज का खर्च कितना बड़ा बोझ होता है, ये हमने समझा


मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब के लिए इलाज का खर्च कितना बड़ा बोझ होता है, ये प्रधानमंत्री ने समझा है। झारखण्ड के 57 लाख परिवारों के पास आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा है। अब ग़रीबों को इलाज पर एक रुपया भी खर्च नहीं करना है।


गांव की जरूरतें गांववालों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता


गांव के विकास के लिए आदिवासी ग्राम विकास समिति और ग्राम विकास समिति का गठन किया गया है। 5 लाख रुपये तक के विकास कार्य अब समिति द्वारा ही किए जाते हैं।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विस्तार से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, साथ ही, नशा मुक्ति का आह्वान किया।