सोमवार, 23 दिसंबर 2019

चैधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित करे सरकार : आर.एस. यादव

संवाददाता : नई दिल्ली


       समाजवादी पार्टी दिल्ली प्रदेश ने पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह की 117वीं जयंती पर आज दिल्ली में उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने देश की राजनीति में चैधरी चरण सिंह के योगदान पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की तरफ से चैधरी चरण सिंह को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित और उनके जन्म दिन को सरकारी स्तर किसान दिवस घोषित करने की मांग की गयी।


आज यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सपा दिल्ली प्रदेश के पूर्व प्रमुख महासचिव व प्रवक्ता आर.एस. यादव ने कहा कि चरण सिंह सिर्फ एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक विचार और आंदोलन का नाम है। चैधरी चरण सिंह ने आजीवन अपनी राजनीति को देश के प्रमुख समाजवादी राष्ट्रपुरुषों जैसे डाॅ. राम मनोहर लोहिया और डाॅ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सपनों वाले भारत यानी गरीबों और किसानों को केंद्र में रख कर आगे बढ़ाया और अंतिम समय तक किसानों के लिये समर्पित रहे।

 



आर.एस. यादव ने कहा कि समाजवादी नेता व हमारे मार्गदर्शक मुलायम सिंह यादव ने चैधरी चरण सिंह और डाॅ लोहिया के विचारों से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी की स्थापना की और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग का अनुशरण करते हुए अखिलेश यादव भी समसजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे कि सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखने वाला समाजवादी विचारों का यह वट-वृक्ष आने वाले समय में हमस ब को अपनी शीतल छाया प्रदान करता रहे।


आर. एस. यादव ने मांग की कि चैधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिये और उनके जन्म दिवस को सरकार किसान दिवस के रूप में घोषित करे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान बदहाल है आत्महत्या कर रहा है, नौजवान बेरोजगार है और उत्तर में बना जंगल राज पूरे देश में पांव पसार रहा है।


सपा की पूर्व राष्ट्रीय सचिव, पूर्व कार्यकारिणी सदस्य व दिल्ली प्रदेश की पूर्व अध्यक्ष ऊषा यादव ने अपने संदेश में कहा कि यह समय सभी समाजवादी विचारधारा वाले साथियों को एकजुट करने का है। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर आज की समाजवादी विचारधारा की विरोधी ताकतों का मुकाबला करके हम सबको अपने नेता अखिलेश यादव का हाथ मजबूत करने के लिये संकल्पित होना पड़ेगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता त्रिलोक त्यागी ने चैधरी चरण के साथ बिताये अपने राजनीतिक जीवन का स्मरण करते हुए कहा कि चैधरी साहब कहा करते थे कि गांव को शहर से जोड़ो। वह कहा करते थे कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत-खलिहान से जाता है। वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय सिंह ने कहा कि चैधरी साहब एक राजनेता के साथ एक अच्छे लेखक भी थे। वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर ने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों और पूंजीपतियों की साजिश के कारण चैधरी साहब 1977 में प्रधानमंत्री बनने से रह गये। अगर उस समय वह प्रधानमंत्री बन गये होते तो आज हमारे देश की तस्वीर ही कुछ और होती।


वरिष्ठ पत्रकार कुरबान अली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चैघरी चरण सिंह साम्प्रदायिकता के घोर विरोधी थे और किसान एवं गांव की खुशहाली के लिये आजीवन संघर्ष करने वाले नेता रहे। वरिष्ठ पत्रकार संजय राय ने इस अवसर पर किसानों की वर्तमान दुर्दशा का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि शहरों की 40 फीसदी आबादी का पेट भरने वाला किसान कैसे कर्जदार हुआ, यह बात समझ से परे है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय तुरंत दोगुना कर सकती है, लेकिन ऐसा कर नहीं रही है। इसके लिये 2022 तक का इंतजार नहीं करना चाहिये क्योंकि खेती किसानी पर संकट गहराता जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन विनोद सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत में चैधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर समाजवादी दिल्ली प्रदेश के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।