शुक्रवार, 27 दिसंबर 2019

पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को बनाया जाएगा देश का अग्रणी प्रदेश...

प्रजा दत्त डबराल @ भोपाल मध्यप्रदेश


      मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि पर्यटन और निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी प्रदेश बनाया जाएगा। कमल नाथ आज मिंटो हॉल में शासकीय तौर पर प्रदेश में पहली बार राजसी घरानों में प्रचलित उत्कृष्ट व्यंजनों पर केन्द्रित रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल का उद्घाटन कर रहे थे। कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण मंत्री ओंकार सिंह मरकाम एवं सांसद नकुल नाथ उपस्थित थे।



मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि इस फेस्टिवल के जरिए प्रदेश में पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना राज्य शासन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि मध्यप्रदेश की प्रोफाईल में बदलाव लाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे प्रदेश में अपार संभावनाएँ है, पर उसके अनुरूप अपेक्षित विकास न होने के कारण हम अपनी उपलब्ध सम्पदा का यहाँ के नागरिकों और प्रदेश को लाभ नहीं दिला पाए। 


मुख्यमंत्री ने रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि हमें इस तरह के आयोजन न केवल प्रदेश में बल्कि देश के दिल्ली, मुम्बई, बैंगलुरु और अमृतसर जैसे बड़े शहरों में भी करना चाहिए। इससे मध्यप्रदेश की एक अलग पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाना बनाना न केवल एक कला है बल्कि शिल्प भी है। हमारे प्रदेश के राजघरानों में इसकी बेहतर परम्पराएँ हैं। उनका उपयोग और उनकी लांचिंग करके हम प्रदेश के पर्यटन को एक नई ऊँचाई दे पाएंगे।


पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कमल नाथ की मंशा है कि प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश हो और हम अपनी पर्यटन सम्पदा की राष्ट्रीय पहचान बनाएं। इसलिये पर्यटन विभाग ने रॉयल कुसिंज फूड फेस्टिवल की अभिनव पहल की है। उन्होंने बताया कि इस अनूठे आयोजन के जरिए हमने प्रदेश के राजघरानों में प्रचलित सभी प्रकार के व्यंजनों को लोगों तक पहुँचाने का प्रयास शुरू किया है। 


पर्यटन सचिव फैज अहमद किदवई ने रॉयल कुसिंज़ फूड फेस्टिवल के उद्देश्य और रूपरेखा की जानकारी दी। फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के भोपाल, सैलाना, रीवा, नरसिंहगढ़, झाबुआ, कुरवई, होलकर, जौरा एवं गढ़ा राजघरानों के प्रतिनिधि पुष्पराज सिंह, रवि रानावत, रनवीर सिंह, नवाब जफर अली खान और भारत सिंह शामिल हुए।


कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध शेफ रिचर्ड ग्रहम, वासुदेव रतनानी एवं गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज मध्यप्रदेश की लता टंडन और ब्लॉगर्स शैलेन्द्र एस. जग्गी, रविकांत रेड्डी एवं मरियम एच. रेशी और दरीना एलेन उपस्थित थीं।