सोमवार, 30 दिसंबर 2019

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव हर वर्ष मनाया जाएगा मुख्यमंत्री ने की घोषणा...

संवाददाता : रायपुर छत्‍तीसगढ़


       मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अब हर साल राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन होगा। यह आयोजन राज्योत्सव के साथ होगा। राज्योत्सव कुल पांच दिनों को होगा। इसमें पहले दो दिन राज्य के स्थानीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। वहीं शेष तीन दिन राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पहली बार देश-विदेश के कलाकारों ने एक साथ मंच साझा किया है। तीन दिवसीय महोत्सव में बड़ी संख्या में आदिवासी कलाकारों ने अपनी कला और संस्कृति को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।



कार्यक्रम में छह देशों सहित 25 राज्यों और तीन केन्द्र शासित प्रदेशों के कलाकार एक साथ जुटे। इस महोत्सव में देश-विदेश की जनजातीय संस्कृतियों को करीब से जानने का लोगों को मौका मिला। इस महोत्सव ने अनेकता में एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज शाम साइंस कालेज मैदान में समापन समारोह को सम्बोधित करते कर रहे थे। देश-विदेश के कलाकारों ने जिस शिद्दत से अपनी प्रस्तुति दी उसकी अमिट छाप हमारे दिल में हमेशा रहेगी।


उन्होंने कहा कि हमारे सियान, हमारे पुरखों ने एक समृद्ध छत्तीसगढ़, मजबूत छत्तीसगढ़ की परिकल्पना की थी। एक साल में हमने आपके सहयोग से उनकी परिकल्पना को साकार करने का काम किया है। हमारे पुरखों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति का कोई सानी नहीं है। यहां करमा, गौर नृत्य, पंथी, सुआ नृत्य का अपना महत्व है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन से छत्तीसगढ़ का नाम देश में ही नहीं समुद्र पार विदेशों में भी गया है। 


महाराष्ट्र में भी छत्तीसगढ़ की तर्ज में होगा आदिवासी नृत्य महोत्सव


समापन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नानाभाऊ पटोले ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिवासियों की कला एवं संस्कृति को देश-दुनिया में पहुंचाने और आदिवासियों में नई ऊर्जा लाने का काम किया है। आदिवासियों के जीवन में एक नई क्रांति और जोश भरा है। उन्होंने किसानों की मद्द के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान खरीदी और कर्जमाफी की सराहना की। 


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पहली बार आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 25 राज्यों, 3 केन्द्र शासित प्रदेशों सहित बांग्लादेश, थाईलैण्ड, श्रीलंका, युगांडा, बेलारूस और मालदीप के 1800 कलाकारों ने यहां 125 से अधिक मनमोहक प्रस्तुतियां दी। आदिवासी कला और संस्कृति का अनूठा संगम यहां तीन दिनों तक रहा। 


विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक मोहन मरकाम, विकास उपाध्याय, बस्तर आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, मुख्य सचिव आर.पी. मंडल सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।