सोमवार, 30 दिसंबर 2019

उत्तराखंड में पहाड़ से ज्यादा ठंडे मैदान इलाके...

संवाददाता : देहरादून उत्तराखंड 


       पहाड़ पर गुनगुनी घूप खिली है और मैदान घने कोहरे के आगोश में है। हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे उतर गया है। जबकि पहाड़ में बसे पौड़ी, मसूरी, टिहरी, पौड़ी का तापमान मैदानी नगरों से ज्यादा दर्ज किया गया। मैदान में कोहरे के कारण भीषण सर्दी पड़ रही है। सड़क और रेल यातायात और सामान्य जनजीवन को घने कोहरे ने बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जबकि पहाड़ पर सुबह शाम सर्दी है लेकिन दिन में खिली गुनगुनी धूप खासी राहत दे रही है।


रुड़की में शनिवार को हुए घने कोहरे के कारण एक ही दिन में तापमान चार डिग्री से ज्यादा गिर गया। शनिवार को रुड़की शहर का अधिकतम तापमान नौ डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा। शनिवार इस सीजन का सबसे सर्द दिन रहा। उधर, सुबह से छाए घने कोहर ने हरिद्वारवासियों को ठिठुरा कर रख दिया।



शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के मामले में मसूरी में पंतनगर के मुकाबले राहत रही। मसूरी में न्यूनतम तापमान 3.9 जबकि पंतनगर में 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। पौड़ी में न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया, जो हरिद्वार, रुड़की और रुद्रपुर के मुकाबले ज्यादा रहा।


शनिवार को पिथौरागढ़ में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि यूएसनगर में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री और न्यूतमम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा। यूएसनगर में ठंड ने पिछले 22 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया।
मौसम विभाग ने कहा है कि, 31 दिसंबर से 3 जनवरी तक उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। राज्य मौसम निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर से 2200 मीटर के इलाकों में बारिश एवं बर्फबारी के आसार हैं। उत्तरकाशी चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर आदि जिलों में बर्फबारी एवं बारिश की संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में कोहरा छाया रहेगा।