मंगलवार, 25 फ़रवरी 2020

हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि हरियाणा अब खेलों का हब बन चुका है...

संवाददाता चंडीगढ़ हरियाणा 


      हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि हरियाणा अब खेलों का हब बन चुका है। खेल व पुलिस हरियाणा की खेल नीति के कारण एक-दूसरे के पूरक बन गए हैं। पुलिसबलों ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए है, जिन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है।



राज्यपाल ने सोमवार को मधुबन स्थित एच.ए.पी. के वच्छेर स्टेडियम में 68वीं अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ किया। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।


राज्यपाल ने देशभर से आए पहलवानों व खिलाडियों को सम्बोधित करते हुए सबसे पहले इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए हरियाणा पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाडियों ने अपनी योग्यता से देश में नाम कमाया है, हरियाणा अब खेलों का हब बन चुका है।   


उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस ने अनेक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं जिनका सम्मान करते हुए 49 खिलाडियों को प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी दी है। इतना ही नहीं बहुत से खिलाडियों को पुलिस में भर्ती किया गया है। ऐसे अनेक खिलाड़ी आज हरियाणा पुलिस की शान बन चुके है। अब हरियाणा में खेल एवं युवा मामले मंत्री का दायित्व भी सरदार संदीप सिंह के पास है, जो हॉकी के विख्यात खिलाड़ी रहे हैं।


राज्यपाल ने आगे बताया कि युवा देश की शक्ति होता है। युवाओं को माता-पिता गुरूजनों, जन्मभूमि, मातृभाषा एवं संस्कृति का आदर करना चाहिए। गुरू ज्ञान का दाता एंव पथ-प्रदर्शक होता है। जिनका स्थान भगवान से भी ऊपर है। कहा गया है कि ‘‘गुरू गोबिन्द दोऊ खड़े, काके लागो पाए, बलिहारी गुरू आपने, गोबिन्द दियो मिलाए''। पुलिस विभाग बहुत अनुशासित संगठन है। पुलिस के जवानों में अनुशासन की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है। हमारी युवा पीढ़ी को भी इनसे प्रेरणा लेकर अनुशासन, शिष्टाचार एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में उतारना चाहिए, क्योंकि अनुशासन ही देश को महान बनाता है।


पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने इस अवसर पर राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय पुलिस क्रीड़ा प्रतियोगिता में कुश्ती, कबड्डी, बॉक्सिंग व बॉडी बिल्डिंग के मुकाबले रहेगें। इनमें देश के 36 भिन्न-भिन्न राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों से विभिन्न रैंक के 2232 खिलाड़ी भाग ले रहे है। इनमें 1656 पुरूष व 576 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हूए कहा कि सभी खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा, अनुशासन व टीम भावना से खेलेंगे। पुलिस महानिदेशक हरदीप सिंह दून ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया।


इस अवसर पर भिन्न-भिन्न राज्यों से आए सभी खिलाडियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। र्जुन अवार्डी राजेंद्र कुमार ने उपस्थित सभी खिलाडियों को पूरी निष्ठा, खेल भावना और नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।


कार्यक्रम के समापन पर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मधुबन पुलिस कॉम्पलैक्स के अधिकारियों व शेष हरियाणा के अधिकारियों के बीच रस्साकशी का रोमांचकारी मुकाबला हुआ। जिसमें मधुबन के अधिकारी विजयी रहे।