मंगलवार, 18 फ़रवरी 2020

राज्यपाल ने शिमला स्मार्ट सिटी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए...

संवाददाता : शिमला हिमाचल


       शिमला नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से भेंट की और उन्हें शिमला स्मार्ट सिटी परियोजनओं तथा निगम की अन्य गतिविधियों के बारे जानकारी प्रदान की।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण और केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के तुरन्त बाद ही टूटीकंडी रज्जू मार्ग निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा। इससे टूटीकंडी से जाखू को रज्जू मार्ग से जोड़ा जा सकेगा, जिससे शहर में वाहनों की आवाजाही कम होगी। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा शहर में 11 ई-शौचालयों का निर्माण किया गया है तथा 20 अन्य प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि ढली, बालूगंज और छोटा शिमला की सड़कों को चैड़ा किया जाएगा और स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत प्रथम चरण में 500 करोड़ रुपये लागत की 28 परियोजनाएं कार्यन्वित की जा रही हैं।

 


 

राज्यपाल ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए शिमला शहर में पार्किंग क्षेत्र, ई-शौचालय और पार्क आदि विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने स्मार्ट सिटी के तहत सम्पर्क मार्गों को चैड़ा करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि टूटीकंडी रज्जू मार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि इसे निर्धारित समयवधि के भीतर पूरा किया जा सके।

 

इस अवसर पर जाखू रज्जू मार्ग प्रबन्धन के अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने राज्यपाल को इस परियोजना से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया।